Crime News: उत्तर प्रदेश के बरेली में घरेलू विवाद और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और ससुरालवालों पर गंभीर उत्पीड़न और जान से मारने की कोशिश के आरोप लगाए हैं। महिला के पिता की तहरीर पर पुलिस ने झोलाछाप डॉक्टर बताए जा रहे पति रामगोपाल समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पढ़ें :- हिमाचल प्रदेश में देश विरोधी पोस्ट के आरोप में UP का युवक हिरासत में, केंद्रीय एजेंसी के इनपुट पर पुलिस की कार्रवाई जारी
भरतौल निवासी संतोष कुमार के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2020 में अपनी बेटी सलौनी की शादी शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के भन्नीखेड़ा निवासी रामगोपाल से की थी। शादी के बाद दंपति के दो बेटे हुए। पिता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही सलौनी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था।
परिजनों के मुताबिक, घटना वाले दिन सलौनी को कथित तौर पर कमरे में बंद कर दिया गया। आरोप है कि उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। इसके बाद उसे छत पर ले जाया गया, जहां गला दबाने की कोशिश और बाल काटने का भी आरोप है। महिला का कहना है कि बाद में उसे जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंक दिया गया। नीचे गिरने से उसके पैर में गंभीर चोट आई और वह घायल हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और सलौनी को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
महिला के मुताबिक, उसका पति झोलाछाप डॉक्टर के तौर पर काम करता है और उसे कथित तौर पर जहरीली दवाएं और इंजेक्शन देता था। तहरीर में ससुर पर तमंचे की बट से हमला करने और उसके बाल काटे जाने का भी आरोप लगाया है।
पढ़ें :- जमुई वीडियो कांड: वीडियो शेयर करने से पहले सोचें, कानूनी कार्रवाई का हो सकता है खतरा
सलौनी ने बताया कि उसके दोनों बेटे फिलहाल पति के पास हैं। उसका आरोप है कि उसे बच्चों से फोन पर बात तक नहीं करने दी जा रही है। महिला ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है और आशंका जाहिर की है कि उसके साथ भी मारपीट हो सकती है।
महिला के पिता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पीड़िता की मां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उन्हें जेल भेजने की अपील की है।
कैंट पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर रामगोपाल समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।