Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक के बाद प्रेस कॉफ्रेंस में भावुक हुए गोविंद देव गिरी, चंपत राय को लेकर जानिए क्या कहा?

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक के बाद प्रेस कॉफ्रेंस में भावुक हुए गोविंद देव गिरी, चंपत राय को लेकर जानिए क्या कहा?

By शिव मौर्या 
Updated Date

अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की रकम गबन मामले को लेकर आज ट्रस्ट की एक बड़ी बैठक हुई। इस बैठक के बाद ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी महाराज ने प्रेस कॉफ्रेंस किया। उन्होंने शुरूआत मंत्र पढ़कर की और कहा अत्यंत असाधारण परिस्थिति में ये अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक हुई है। सबसे बड़ा दुख इस बात का है कि जिस परिस्थिति का सामना करना पड़ा है, वो बहुत दुखदायक है। राम मंदिर के लिए लोगों ने अपने प्राणों, परिवारों की परवाह नहीं की और अब उसमें चोरी से हम लज्जित हैं, दुखी हैं।

पढ़ें :- राम मंदिर चढ़ावा चोरी: केजरीवाल बोले-इस्तीफ़ा लेकर उन्हें बचाने की कोशिश मत करो

कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने कहा कि, हमारा काम पूरी पारदर्शिता रखना है। हम 22 जुलाई को फिर से बैठेंगे तब तक एसआईटी की फाइनल रिपोर्ट आ जाएगी। चोरी तो चोरी ही है, छिपे हुए अपराधी खोजे जाएंगे। एसआईटी अपना काम कर रही है। इसके साथ ही, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गोविंद देव गिरी ने कहा कि मामले को लेकर कई तरह की बातें कही जा रही हैं और समाज में भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि आरोप लगाए जा रहे हैं कि केवल दानपात्रों से ही नहीं, बल्कि कई कीमती वस्तुएं भी चोरी हुई हैं। इन आरोपों के बीच ट्रस्ट ने कुछ महत्वपूर्ण वस्तुएं मीडिया के सामने प्रस्तुत कीं। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट के पास 2,800 से अधिक वस्तुओं का विस्तृत रजिस्टर मौजूद है। इनमें दर्ज कई वस्तुओं में से कुछ को प्रमाण के तौर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाया गया। उन्होंने भरोसा जताया कि ट्रस्ट भविष्य में और अधिक सतर्कता तथा पारदर्शिता के साथ कार्य करेगा।

अब कृष्ण मोहन संभालेंगे कामकाज
गोविंद गिरी महाराज ने आगे बताया कि राम मंदिर के ट्रस्ट से महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार हो गया है। साथ ही विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव को भी अब ट्रस्ट से बाहर कर दिया गया है। चंपत राय के कामकाज को अब कृष्ण मोहन संभालेंगे। फिलहाल इस बात का ऐलान नहीं हुआ है कि नया महासचिव कौन होगा, लेकिन अंतरिम तौर पर कृष्ण मोहन को कमान मिली है।

चंपत राय पर जानिए क्या कहा
स्वामी गोविंद देव गिरी ने चंपत राय के साथ अपने दशकों पुराने रिश्तों का हवाला देते हुए उनके किरदार पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, मैं चंपत राय जी को पिछले 32 सालों से जानता हूं। उनकी इकलौती गलती यह थी कि उन्होंने अपने करीबियों पर बहुत ज्यादा भरोसा कर लिया। जब कोई राम जन्मभूमि आंदोलन के बारे में जानता तक नहीं था, तब से वे यहां रहकर इस मुहिम को आगे बढ़ा रहे थे। हम उनका बेहद सम्मान करते हैं। लेकिन यह समझ से परे है कि वे ऐसे गलत लोगों को इतने सालों तक अपने साथ कैसे रखे रहे और उनके खिलाफ रची जा रही साजिशों को भांप नहीं पाए। मेरी नजर में वे बिल्कुल बेदाग हैं। वे अपराधी नहीं हैं, हां उनसे लापरवाही की एक चूक जरूर हुई है।

पढ़ें :- राम मंदिर चढ़ावा चोरों पर बरसे स्वामी चक्रपाणि, बोले- 'यहां बच जाओगे, वहां भगवान चित्रगुप्त कड़ाही में तलवाएंगे'
Advertisement