Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में लव मैरिज से नाराज ससुर ने बेटी के सामने दामाद को उतारा मौत के घाट,परिवार में मचा कोहराम

लखनऊ में लव मैरिज से नाराज ससुर ने बेटी के सामने दामाद को उतारा मौत के घाट,परिवार में मचा कोहराम

By संतोष सिंह 
Updated Date

लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहां एक वकील ससुर ने अपने ही दामाद को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी वारदात उसकी पत्नी और छोटी बच्ची के सामने हुई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

पढ़ें :- VIDEO : लखनऊ में स्टंटबाजी के चक्कर में 12वीं के छात्र की गई जान, बुलेट-स्कूटी की भीषण टक्कर,

मृतक की पहचान प्रतापगढ़ के सांगीपुर निवासी विष्णु यादव (32) के रूप में हुई है, जो जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम करता था। वह अपनी पत्नी साक्षी और करीब 2 साल की बेटी अर्चिता के साथ ससुराल आया था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर अपनी पत्नी के कहने पर बच्ची को नाना-नानी से मिलवाने यहां आता था। मंगलवार रात भी वह करीब 8 बजे ससुराल पहुंचा था और परिवार के साथ खाना खाने के बाद रात करीब 10 बजे किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

विवाद इतना बढ़ गया कि ससुर तीर्थराज सिंह, जो लखनऊ हाईकोर्ट में वकील हैं। गुस्से में बेकाबू हो गए और चारपाई का पटरा उठाकर विष्णु के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सिर पर गहरी चोट लगने से विष्णु खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और वहीं उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी साक्षी को भी चोटें आईं।

बताया जा रहा है कि चार साल पहले साक्षी ने परिवार के खिलाफ जाकर विष्णु से लव मैरिज की थी, जिससे ससुर तीर्थराज सिंह बेहद नाराज रहते थे। पड़ोसियों के मुताबिक, पहले भी दोनों के बीच विवाद हो चुका था और करीब डेढ़ साल पहले भी दामाद पर हमला किया गया था, लेकिन उस समय कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई थी।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी तीर्थराज सिंह और उनकी बेटियों समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से फिंगरप्रिंट भी लिए गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनकी तहरीर व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पढ़ें :- लखनऊ में 17 मार्च को कुलदीप यादव का ग्रैंड रिसेप्शन, सीएम योगी, कोहली और धोनी सहित समेत कई मेहमान होंगे शामिल

रिपोर्ट: हर्ष गौतम

Advertisement