IND vs WI Team Selection : भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज 27 सितंबर से होने वाला है और 6 अक्टूबर से दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज खेली जानी है। जिसके लिए बुधवार को भारतीय टीम का चयन होने की पूरी संभावना है। इस दौरान चर्चा का मुख्य केंद्र ऋषभ पंत के लिए व्हाइट-बॉल क्रिकेट में बने रहने का मौका और पूरी तरह फिट हो चुके हार्दिक पांड्या की टीम में संभावित वापसी होगी। वहीं, चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के लिए यह आखिरी सिलेक्शन मीटिंग हो सकती है।
पढ़ें :- वैभव सूर्यवंशी को दूसरे टी20 में मौका मिलेगा या नहीं? आज ऐसी होगी भारत की प्लेइंग इलेवन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय टीम के चीफ सिलेक्टर के रूप में अजीत अगरकर का कॉन्ट्रैक्ट 4 अक्टूबर तक है और मंगलवार रात तक बीसीसीआई के किसी भी बड़े अधिकारी ने उनसे संपर्क नहीं किया है। सूत्रों की मानें तो अगरकर, तीन साल तक काम करने का मौका देने के लिए बोर्ड सेक्रेटरी देवाजीत सैकिया को धन्यवाद देते हुए एक ईमेल भेज सकते हैं। यानी उनके लिए यह आखिरी सिलेक्शन मीटिंग हो सकती है क्योंकि उनके कार्यकाल को एक साल और बढ़ाने की संभावना नहीं लग रही है। दूसरी तरफ, अगरकर की अगुवाई वाली सिलेक्शन कमेटी के लिए सबसे मुश्किल काम 50 ओवर के मैचों के लिए टीम के चयन का होने वाला है।
ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या के भविष्य पर टिकीं नजरें
पूरी तरह फिट हो चुके हार्दिक पांड्या की कॉम्पिटिटिव क्रिकेट में वापसी 20 सितंबर को तय है, क्योंकि उन्हें 6 अक्टूबर से पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ इंडिया A की तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के लिए चुना गया है। हालांकि, वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ वनडे टीम के चयन के समय सिलेक्शन पैनल का काम यह तय करना होगा कि क्या पांड्या किसी पूरे इंटरनेशनल मैच में तुरंत 10 ओवर गेंदबाज़ी करने और 50 ओवर फ़ील्डिंग करने के लिए तैयार हैं। अगर पांड्या उपलब्ध नहीं होते हैं, तो सिलेक्शन कमिटी के लिए सीम बॉलिंग ऑलराउंडर की कमी एक समस्या होगी। दूसरा विकल्प, नीतीश कुमार रेड्डी, वनडे सीरीज़ के दौरान जापान में एशियन गेम्स खेल रहे होंगे। तीसरे और चौथे ऑप्शन – सूर्यांश शेडगे और वेंकटेश अय्यर – अभी चोटिल हैं।
दूसरी तरफ, आईपीएल में खराब फ़ॉर्म की वजह से टेस्ट टीम की उप-कप्तानी और व्हाइट-बॉल टीमों से अपनी जगह गंवा चुके ऋषभ पंत के पास एक सुनहरा मौका होगा, क्योंकिईशान किशन के जापान में होने की वजह से, उनको 15 खिलाड़ियों वाली टीम में मौका मिल सकता है। लेकिन, केएल राहुल वनडे में पहली पसंद के विकेटकीपर होंगे। श्रेयस अय्यर की गैर-मौजूदगी में राहुल को उप-कप्तान बनाए जाने की भी संभावना है। अगर पंत टीम में जगह नहीं बना पाते हैं, तो सेलेक्टर ध्रुव जुरेल को चुनेंगे और पंत को ईरानी कप में ‘रेस्ट ऑफ़ इंडिया’ की कप्तानी करने के लिए भेजेंगे।
पढ़ें :- महिला एशिया कप फाइनल में मोहसिन नकवी को देख, भारतीय फैंस ने लगाए ‘ट्रॉफी चोर’ के नारे...
इन खिलाड़ियों को मौका मिलने की संभावना
टी20 के कप्तान श्रेयस अय्यर के एशियन गेम्स में व्यस्त होने के कारण ऋतुराज गायकवाड़ नंबर 4 पर बैटिंग करने का मौका मिल सकता है। यशस्वी जायसवाल रिज़र्व ओपनर होंगे, जबकि रिज़र्व मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज़ के तौर पर रजत पाटीदार के चुने जाने की पूरी संभावना है। वेस्टइंडीज़ के खिलाफ़ वनडे सीरीज़ के बाद गायकवाड़ और पाटीदार दोनों के इंडिया A के लिए खेलने की भी उम्मीद है, जिसमें गायकवाड़ टीम की कप्तानी करेंगे।
इसके अलावा, सिलेक्टर्स के सामने रवींद्र जडेजा और मानव सुथार में से किसी एक को चुनने की चुनौती होगी। जड़ेजा को इंग्लैंड में वनडे सीरीज़ के लिए नहीं चुना गया था, उनकी टीम में वापसी हो सकती है क्योंकि हाल ही में हुई दिलीप ट्रॉफी में ईस्ट ज़ोन के खिलाफ़ सेंट्रल ज़ोन के सेमीफ़ाइनल मैच के दौरान हर्ष दुबे चोटिल हो गए थे। अगर चोटिल वरुण चक्रवर्ती एशियन गेम्स में नहीं जा पाते हैं और उनकी जगह कुलदीप यादव को बुलाया जाता है, तो सेलेक्टर के सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हो जाएगी। ऐसे में अगर उन्हें रिस्ट स्पिनर चाहिए होगा, तो उन्हें विपराज निगम या जीशान अंसारी जैसे खिलाड़ियों पर विचार करना पड़ सकता है।
तेज गेंदबाजी आक्रमण में मोहम्मद सिराज की वापसी की उम्मीद है, जिन्हें इंग्लैंड दौरे पर गई वनडे टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया था, लेकिन अब गुरनूर बरार, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव के साथ उनकी वापसी हो सकती है। ये सभी खिलाड़ी पिछली सीरीज़ में खेले थे। एशियाई खेलों में अपनी प्रतिबद्धताओं के कारण जसप्रीत बुमराह उपलब्ध नहीं रहेंगे।