Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. हापुड़ में पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या! आटा मिल में विज्ञापन मांगने पर खूनी विवाद, चार के खिलाफ केस

हापुड़ में पत्रकार की पीट-पीटकर हत्या! आटा मिल में विज्ञापन मांगने पर खूनी विवाद, चार के खिलाफ केस

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Hapur Crime: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में आटा मिल पर विज्ञापन लेने पहुंचे पत्रकार की मारपीट के बाद अस्पताल में मौत हो गई। घटना रविवार, 18 अक्टूबर की बताई जा रही है। मृतक की पहचान नसीम अहमद के रूप में हुई है, जो एक दैनिक अखबार में संवाददाता थे। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में चार नामजद आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पढ़ें :- 2017 से पहले बेटियों को संबल देने के बजाय पूर्व सरकार अपने कुनबे को बढ़ाने में व्यस्त थी : सीएम योगी

पुलिस के अनुसार, नसीम अहमद एक आटा मिल पर विज्ञापन लेने के लिए गए थे। इसी दौरान वहां विवाद होने की बात सामने आई है। शिकायतकर्ता डॉ. शाहरुख, जो मृतक के दामाद हैं, ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि आटा मिल परिसर में मौजूद लोगों ने नसीम अहमद और उनके साथ आए लोगों के साथ गाली-गलौज की। जब नसीम अहमद ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नसीम अहमद को लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा गया और सीने पर भी वार किए गए। उनकी हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मामले में अशोक कुमार गुप्ता, उनके बेटे कपिल, नरेश कुमार समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

घटना की जानकारी मिलने पर पत्रकारों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच आगे बढ़ाई है। इस घटना ने पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया गया है कि नसीम अहमद की बेटी की शादी 14 नवंबर को होनी थी।

पढ़ें :- बेंगलुरु में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की सख्ती, धक्का देकर घसीटा और बसों में भरा
Advertisement