महाराजगंज में मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार युवकों की मौत हो गई। सभी बाइकों से एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। निचलौल-महाराजगंज मार्ग पर दमकी गांव के पास डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पढ़ें :- फिर सड़क पर उतरें Gen-Alpha, इस बार शहर था उन्नाव, विषय: शिक्षकों की कमी, खाने की गुणवत्ता इत्यादि...
मृतकों की पहचान पचमा निवासी सन्नी(22), विवेक(20), संतोष(19) और शिव(18) के रूप में हुई है। विवेक और संतोष सगे भाई थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक सड़क से करीब 10 मीटर दूर जा गिरे।
बाइक को बचाने में बिगड़ा डंपर का संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डंपर चालक ने बाइक को बचाने की कोशिश की, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसा रात करीब 8:30 बजे भारत गैस एजेंसी के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को सीएचसी निचलौल ले जाया गया। डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल चौथे युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निचलौल थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
पढ़ें :- प्रयागराज में बारिश से रामबाग स्टेशन जलमग्न, ट्रैक पर भरा पानी: कई ट्रेनें रद्द