पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: महाशिवरात्रि पर्व को लेकर बुधवार को आदर्श नगर पंचायत सोनौली के श्री राम जानकी मंदिर परिसर में तैयारियों की रौनक देखने को मिली। मंदिर परिसर में स्थित शिव मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। वहीं शिवबारात में शामिल की जाने वाली विभिन्न झांकियों और कार्यक्रमों को लेकर सोनौली के व्यापारियों ने एक महत्वपूर्ण बैठक कर विस्तृत रूपरेखा तैयार की, ताकि इस बार शिवबारात को और भी भव्य स्वरूप दिया जा सके।
पढ़ें :- मथुरा के श्री सिद्धिविनायक होटल में लगी भीषण आग, आज ही हुआ था उद्घाटन
मंदिर के महंत बाबा शिव नारायण दास ने बताया कि “हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भावपूर्ण ढंग से शिवबारात निकाली जाएगी। शाम को विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल होकर श्रीभगवान की कृपा प्राप्त करें।”
बैठक में मुख्य रूप से भाजपा नेता संजीव जायसवाल, रवि वर्मा, प्रेम जायसवाल, कृपा शंकर मद्धेशिया,रमेश जायसवाल,धर्मेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कस्बे के व्यापारी उपस्थित रहे।
सोनौली में महाशिवरात्रि की तैयारियों से माहौल भक्तिमय हो उठा है, और नगरवासी उत्साहपूर्वक शिवबारात के भव्य आयोजन का इंतजार कर रहे हैं।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट