गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर पशुपालन विभाग की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वदेशी गोवंशीय नस्लों के संरक्षण, वैज्ञानिक पशुपालन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने को लेकर विशेष चर्चा हुई। इस कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि स्वदेशी नस्लों का संरक्षण और बेहतर पशुपालन तकनीकों को अपनाना पशुपालकों की आय बढ़ाने में अहम किरदार निभा सकता है।
पढ़ें :- कानपुर के एलिम्को में CBI का छापा, व्हीलचेयर सप्लाई में करोड़ों की कमीशनखोरी का आरोप, जांच तेज
रिर्पोटों के मुताबिक, विकास भवन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता पशुपालन विभाग के अपर निदेशक (ग्रेड-2) डॉ. वेद प्रकाश ने की। उन्होंने दूध के पोषण संबंधी महत्व के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुपालकों की आजीविका में दुग्ध उत्पादन की भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने पशुपालकों से स्वदेशी गोवंशीय नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियां (Scientific animal husbandry practices) अपनाने की अपील की।
बता दें कि इस कार्यक्रम के दौरान जनपद में गोवंश संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच गो-आश्रय स्थलों एवं गोशालाओं के संचालकों को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। वहीं, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर ने दूध में मिलावट की पहचान और उसकी मार्केटिंग से जुड़ी जानकारियां दीं। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पटेल ने श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन के योगदान को याद किया। इस कार्यक्रम का संचालन पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुबोध कुमार सिंह ने किया।
भारत के डेयरी क्षेत्र की स्थिति
ध्यान देनेवाली बात यह है कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है। PIB के मुताबिक, वर्ष 2024-25 में भारत का दूध उत्पादन बढ़कर 247.87 मिलियन टन पहुंच गया। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश 15.66 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ देश का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक राज्य रहा। वहीं, स्वदेशी नस्लों के संरक्षण और विकास के लिए केंद्र सरकार दिसंबर 2014 से राष्ट्रीय गोकुल मिशन चला रही है। इसका उद्देश्य देशी गोवंश का वैज्ञानिक विकास और उनकी उत्पादकता बढ़ाना है।