Sultanpur : यूपी के सुल्तानपुर में खनन माफिया, सरकार के उन दावों को ठेंगा दिखा रहे हैं। जिनमें माफियाराज खत्म करने की बात कही जाती रही है। ताजा मामला कोतवाली नगर के रामपुर इमिलिया का है, जहां पर देर रात मिट्टी के अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची राजस्व टीम पर जानलेवा हमला किया गया। बेखौफ बदमाशों ने अधिकारियों को पीटा और नायब तहसीलदार पैर तोड़ दिया। दो लेखपाल भी चोटिल हो गए।
पढ़ें :- राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों के एक्सीडेंट मामले में योगी सरकार ने जांच SIT को सौंपी
राजस्व टीम पर हुए जानलेवा हमले की जानकारी देते लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष राधेश्याम शुक्ला ने बताया कि सोमवार देर रात रामपुर इमिलिया गांव में अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिली थी। जिसके बाद तहसील सदर में तैनात नायब तहसीलदार सदर धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। छापेमारी के दौरान खनन माफियाओं ने गाली गलौच की और राजस्व टीम पर हमला कर दिया। टीम में शामिल लेखपाल कुंवर बृजेश सिंह, सुमित कुमार और अन्य लेखपालों को भी चोटें आईं। कथित तौर पर बदमाशों ने दो लेखपालों को कुछ समय के लिए बंधक भी बनाए रखा।
इस हमले में नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव का पैर टूट गया। जबकि दो अन्य लेखपाल चोटिल हो गए। घायल नायब तहसीलदार और लेखपालों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना को लेकर कोतवाली नगर में लिखित शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर में सरकारी कार्य में बाधा, हमला और धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में गोलू सिंह और संदीप सिंह सहित 10-15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।