Cricket news : पाकिस्तान क्रिकेट टीम के अनुभवी स्पिनर मोहम्मद नवाज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के डोपिंग रोधी नियमों का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। इसके बाद आईसीसी ने उन पर तीन महीने का प्रतिबंध लगाने के साथ-साथ एक अहम फैसला लेते हुए तय अवधि के दौरान उनके सभी आधिकारिक रिकॉर्ड भी अमान्य कर दिए हैं। आईसीसी ने शुक्रवार को जारी अपने बयान में बताया कि नवाज का डोप टेस्ट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के दौरान कराया गया था। नीदरलैंड्स के खिलाफ 7 फरवरी को कोलंबो में खेले गए मुकाबले के बाद लिए गए नमूने में प्रतिबंधित पदार्थ मिलने की पुष्टि हुई।
पढ़ें :- गंभीर ने अगरकर की विदाई पर लिखा भावुक पोस्ट, कहा- इतिहास आपको हमेशा अच्छे नज़रिए से देखेगा
नवाज ने स्वीकार की गलती
आईसीसी के अनुसार मोहम्मद नवाज ने नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने जांच में बताया कि संबंधित पदार्थ उन्होंने खेल प्रदर्शन बेहतर करने के उद्देश्य से नहीं बल्कि प्रतियोगिता से बाहर के समय में लिया था। इसी आधार पर उन्हें तीन महीने के प्रतिबंध की सजा सुनाई गई है। हालांकि डोपिंग रोधी पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) कार्यक्रम पूरा करने की स्थिति में उनके प्रतिबंध की अवधि घटाकर एक महीने की जा सकती है।
1 मई से लागू हुआ प्रतिबंध
आईसीसी के मुताबिक नवाज का प्रतिबंध 1 मई 2026 से प्रभावी माना गया है। इसी दिन से उन्होंने रिहैब कार्यक्रम में भी हिस्सा लेना शुरू कर दिया था। नियमों के तहत गलती स्वीकार करने और पुनर्वास प्रक्रिया में सहयोग करने के कारण उनका अस्थायी निलंबन निर्धारित समय से पहले हटा दिया गया।
पढ़ें :- IND vs WI T20I Series : लखनऊ में मुकाबले से पहले वेस्टइंडीज ने बदली अपनी टीम, भारत की नाक में दम करने वाले खिलाड़ी को स्क्वाड में किया शामिल
तीन महीने के सभी रिकॉर्ड हुए अमान्य
आईसीसी ने राहत देते हुए प्रतिबंध की अवधि कम करने का विकल्प तो रखा है लेकिन रिकॉर्ड के मामले में कोई छूट नहीं दी। बोर्ड ने फैसला किया है कि 7 फरवरी से 1 मई 2026 के बीच मोहम्मद नवाज द्वारा बनाए गए सभी व्यक्तिगत रिकॉर्ड और प्रदर्शन आधिकारिक तौर पर अमान्य माने जाएंगे।
पाकिस्तान को लग सकता है बड़ा झटका
मोहम्मद नवाज पाकिस्तान की सीमित ओवरों की टीम के अहम खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। हाल के वर्षों में उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में टीम के लिए उपयोगी प्रदर्शन किया है। पाकिस्तान के मुख्य कोच माइक हेसन ने भी एशिया कप 2025 के दौरान नवाज को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों में से एक बताया था। अब आईसीसी की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान की टीम को आगामी टूर्नामेंटों में उनके बिना अपनी रणनीति तैयार करनी पड़ सकती है।