Noida: नोएडा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एमिटी यूनिवर्सिटी के 23 वर्षीय छात्र हर्षित भट्ट की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, हर्षित अपने तीन दोस्तों के साथ परीक्षा खत्म होने के बाद एक खाली प्लॉट पर पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान सभी गड्ढे में नहाने के लिए उतरे। बताया जा रहा है कि हर्षित पहले भी इस गड्ढे में नहा चुका था, लेकिन इस बार वह ज्यादा गहराई में चला गया और डूबने लगा।
पढ़ें :- Cough Syrup Case : कफ सिरप कांड के सरगना शुभम जायसवाल के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस, जल्द हो सकती है गिरफ्तारी
दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद पुलिस टीम गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और हर्षित को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक हर्षित भट्ट गाजियाबाद के इंदिरानगर का निवासी था और एमिटी यूनिवर्सिटी से बीपीएड की पढ़ाई कर रहा था। उसका छठा सेमेस्टर चल रहा था। उसके पिता भारतीय सेना में टेक्निकल विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में लद्दाख में तैनात हैं।
घटना के बाद मृतक की मां ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बेटे के शरीर पर काले निशान थे और पीठ पर चोट के निशान दिखाई दिए। उन्होंने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है। फेफड़ों में पानी और रेत मिलने की बात सामने आई है। बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है। इससे पहले भी नोएडा में खुले गड्ढों के कारण हादसे हो चुके हैं, जिन पर प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद ऐसे मामले सामने आ रहे हैं।