Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. डबल वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर! यूपी-Delhi समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

डबल वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर! यूपी-Delhi समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

By हर्ष गौतम 
Updated Date

Weather Alert:  उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक के बाद एक दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने जा रहे हैं, जिसके चलते कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और आसपास के इलाकों में 7 और 8 अप्रैल को मौसम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। इस दौरान तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बारिश और कई जगह ओले गिरने की संभावना है।

पढ़ें :- मनोज तिवारी का बड़ा दावा, बोले -बीजेपी असम में पुनः प्रचंड बहुमत से आ रही है,कांग्रेस खुशियां लूटने वाली पार्टी

मौसम विभाग के अनुसार, 7 अप्रैल को कश्मीर घाटी में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि 7 से 9 अप्रैल के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में 5 और 6 अप्रैल को भी मौसम बदला रहेगा। इन दिनों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं 5 अप्रैल को उत्तर प्रदेश और 6 अप्रैल को पंजाब व राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चलने की संभावना है।

7 और 8 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में कई जगह तेज बारिश देखने को मिलेगी। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 और 9 अप्रैल को और पश्चिमी राजस्थान में 7 अप्रैल को मौसम सक्रिय रहेगा।

ओलावृष्टि को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

7 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में ओले गिर सकते हैं। इसके अलावा 7 और 8 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी ओलावृष्टि की संभावना है। देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो पूर्वोत्तर राज्यों—अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय—में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है। वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना और कर्नाटक में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को। आने वाले कुछ दिन देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है।

पढ़ें :- पीएम मोदी ने साधा निशाना: बोले- TMC के पापों का घड़ा भर चुका”, बंगाल में बदलाव का दावा
Advertisement