शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला स्थित संजौली मस्जिद विवाद को लेकर सियासी पारा बढ़ा हुआ है। इस मामले में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बयान आया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि, शिमला में अवैध रूप से बनी मस्जिद से जुड़ा पूरा मामला है, उसकी अतिरिक्त मंजिलों को मुस्लिम समुदाय ने खुद तोड़ने की इजाजत आयोग से मांगी है। किसी भी तरह का अवैध निर्माण, चाहे वह किसी भी धर्म का हो,उस पर हमारी सरकार कार्रवाई करने के लिए तैयार है।
पढ़ें :- West Bengal Election 2026 : चुनाव आयोग का ब्लंडर या साजिश? बसीरहाट के एक बूथ की वोटर लिस्ट से सारे मुसलमान गायब, ‘बीएलओ’ तक का नाम कटा
वहीं, इस मामले में धारा 163 लागू होने के बाद बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है। इसमें गैर कानूनी तरीके से प्रदर्शन करने, पुलिस कर्मियों पर हमला कर उन्हें घायल करने, विशेष समुदाय के खिलाफ लोगों को उकसाने का आरोप है।
दरअसल, पुलिस ने संजौली बाजार में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान की गई पत्थरबाजी का एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने पत्थरबाजी करने वालों की पहचान की है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला किया। इसके बाद पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल प्रयोग किया। एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने कहा कि गैर कानूनी तरीके से प्रदर्शन करने, पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की गहनता से जांच कर रही है। ऐसे में केस में और लोगों के नाम शामिल हो सकते हैं।