पटना। पश्चिम बंगाल में महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले में सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। भाजपा के नेता इस घटना को लेकर ममता बनर्जी सरकार को घेरने में जुटे हुए हैं। वहीं, सीएम ममता बनर्जी भी भाजपा पर हमलावर हैं। इस बीच ममता बनर्जी के एक बयान पर राजद नेता तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि, भाजपा के लोग शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ना चाहते हैं।
पढ़ें :- UP SI EXAM: 'अवसर के अनुसार बदल जाने वाले' विकल्प में 'पंडित' शब्द का इस्तेमाल, डिप्टी सीएम ने जताई कड़ी आपत्ति
तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, भाजपा पूरे पश्चिम बंगाल में गुंडागर्दी कर रही है। भाजपा के लोग शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ना चाहते हैं। वे लगातार लोगों को भड़का रहे हैं लेकिन बंगाल या किसी अन्य राज्य के लोग उनके झांसे में नहीं आने वाले हैं। जहां तक बलात्कार की घटनाओं का सवाल है, वह उत्तर प्रदेश और अन्य भाजपा शासित राज्यों में सबसे ज्यादा हैं। बिहार में यह लगातार हो रहा है तो इसपर क्यों उन्होंने चुप्पी साधी है? भाजपा हर जगह दहशत का माहौल बनाना चाहती है लेकिन वे इसमें पूरी तरह असफल रहेंगे।
बता दें कि, पश्चिम बंगाल में हुई महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या के मामले को लेकर बीते कई दिनों से वहां पर विरोध प्रदर्शन हो रहा है। भाजपा के नेता इस घटना को लेकर सीएम ममता बनर्जी पर हमलावर हैं।