भोजपुरी अभिनेता और भाजपा सांसद रवि किशन का एक बयान इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए रवि किशन ने प्रधानमंत्री पद का जिक्र किया। इस दौरान उनकी जुबान से निकले एक वाक्य ने लोगों का ध्यान खींच लिया और वीडियो वायरल होने लगा।
पढ़ें :- दुष्यंत गौतम के राज्यपाल नियुक्ति पर राहुल गांधी, बोले- मैं स्तब्ध हूं, राष्ट्रपति को लिखा पत्र कहा अंकिता के माता-पिता की न्याय की उम्मीद मत टूटने दीजिए
राहुल गांधी को लेकर क्या बोले रवि किशन?
पत्रकारों से बातचीत के दौरान रवि किशन ने राहुल गांधी पर अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कितना दुख है कि अपने कार्यकर्ताओं को वो कोहनी मार रहे हैं। आप प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं और आप अभी भी अपने कार्यकर्ताओं को कोहनी मार रहे हैं।”
इसी दौरान रवि किशन ने कहा, “जब आप पीएम बनेंगे…” उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सवाल किया कि अगर वह प्रधानमंत्री बन गए, तो देश में कितने लोगों को कोहनी मारेंगे।
‘कोहनियों’ पर रवि किशन ने कसा तंज
पढ़ें :- राहुल गांधी की मोदी-शाह को चेतावनी, बोले- हिंदुस्तान की आवाज के सामने कोई टिक नहीं सकता, जुल्म करने वालों को बख्शेंगे नहीं
भाजपा सांसद ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए ‘कोहनी’ शब्द का बार-बार इस्तेमाल किया। उन्होंने राहुल गांधी की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा पर सवाल उठाते हुए ‘कोहनीबाज प्रधानमंत्री’ जैसा शब्द भी कहा। रवि किशन ने दावा किया कि उन्होंने कई नेताओं को देखा है, लेकिन ऐसा नेता नहीं देखा जो आगे बढ़ने के लिए अपने ही कार्यकर्ताओं को कोहनी मारे। उनका यह बयान अब राजनीतिक बहस के साथ-साथ सोशल मीडिया पर मीम्स की वजह भी बन रहा है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स के अलग-अलग रिएक्शन
रवि किशन के बयान वाले वीडियो पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि रवि किशन ने यह कहकर राहुल गांधी को मौजूदा प्रधानमंत्री से बेहतर बता दिया। वहीं, दूसरे यूजर ने उन्हें ‘अंडरकवर एजेंट’ बताया। कुछ लोगों ने इस बयान को मीम बनाने के लिए नया मुद्दा करार दिया। फिलहाल, रवि किशन के ‘कोहनी’ वाले बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है।