डिजिटल डेस्क पर्दाफाश। संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में कर्नाटक के उडुपी जिले के रहने वाले एल्विन प्रकाश कुंदर की हत्या का मामला सामने आया है। करीब दो महीने से उनकी कोई खबर नहीं थी। तलाश के दौरान उनका शव एक कार से बरामद हुआ, जिसे नौ हिस्सों में रखा गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पढ़ें :- धार्मिक पोस्ट विवाद में निशू और संजय आजाद की बढ़ेंगी मुश्किलें? FIR की मांग पर कोर्ट का दिल्ली पुलिस को नोटिस
एल्विन करीब 14 वर्षों से शारजाह एयरपोर्ट पर नौकरी कर रहे थे। परिवार के मुताबिक, 20 जुलाई को उनके भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने फोन किया था लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। इसके बाद उनके फोन से एक मैसेज आया कि वह ठीक हैं। परिवार को यह बात असामान्य लगी क्योंकि एल्विन आमतौर पर टेक्स्ट मैसेज के बजाय वॉइस मैसेज भेजते थे।
भारत लौटने की बात पर बढ़ा शक
जब कई दिनों तक एल्विन से संपर्क नहीं हुआ तो उनके भाई ने शारजाह में रहने वाले उनके दोस्त मनोहर से पता लगाने को कहा। मनोहर जब कंपनी की ओर से मिले उनके आवास पर पहुंचे तो सुरक्षा कर्मचारी ने बताया कि एल्विन परिवार के साथ भारत जा चुके हैं। कंपनी के HR विभाग से भी शुरुआत में ऐसी ही जानकारी मिली। बाद में परिवार ने इस दावे पर सवाल उठाया। कंपनी से यात्रा रिकॉर्ड दोबारा जांचने को कहा गया तो पासपोर्ट रिकॉर्ड में एल्विन के UAE से बाहर जाने की जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार की ओर से गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
ओमान जाने वाली सड़क के पास मिली कार
पढ़ें :- चुनाव आयुक्तों की 14 बार लिखित अपत्तियों पर, आई चुनाव आयोग की सफाई, राहुल-अखिलेश समेत विपक्ष हुआ हमलावर
जांच के दौरान पुलिस को ओमान की ओर जाने वाले रास्ते पर खड़ी एक कार से एल्विन के शव के हिस्से मिले। उन्हें दो बैग में रखा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट परिवार को मिलने की बात भी सामने आई है। हत्या की वजह और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।
एल्विन की पत्नी टीना शारजाह में शिक्षिका थीं और उनका बेटा कक्षा 10 में पढ़ता है। दोनों लापता है और उनके बारे में भी अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। परिवार ने कहा है कि उसे एल्विन और उनकी पत्नी के बीच किसी विवाद की जानकारी नहीं थी। मामले की जांच UAE की एजेंसियां कर रही हैं और उडुपी पुलिस भी वहां के अधिकारियों से जानकारी का इंतजार कर रही है।