Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. ‘RSS की एक शताब्दी की यात्रा अद्भुत-अभूतपूर्व और प्रेरक…’ मन की बात में बोले PM मोदी

‘RSS की एक शताब्दी की यात्रा अद्भुत-अभूतपूर्व और प्रेरक…’ मन की बात में बोले PM मोदी

By Abhimanyu 
Updated Date

PM Modi Speech, Mann Ki Baat Episode 126: पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार (28 सितंबर) को रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 126 एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में अमर शहीद भगत सिंह और भारत रत्न लता मंगेशकर की जयंती पर उन्हें नमन किया। इसके साथ ही उन्होंने आने वाले पर्वों में स्वदेशी चीजों के इस्तेमाल पर ज़ोर देते हुए ‘Vocal for Local’ को खरीदारी का मंत्र दिया। पीएम मोदी ने अपने भाषण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 साल की यात्रा को अद्भुत-अभूतपूर्व और प्रेरक बताया।

पढ़ें :- Gold-Silver Rate Today : सोने की कीमतों में जोरदार गिरावट,चांदी भी फिसली, देखें आपके शहर में क्या है दाम?

मन की बात में पीएम मोदी ने कहा, ‘अमर शहीद भगत सिंह, हर भारतवासी, विशेषकर देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणापुंज है। निर्भीकता उनके स्वभाव में कूट-कूट कर भरी थी। देश के लिए फांसी के फंदे पर झूलने से पहले भगत सिंह जी ने अंग्रेजों को एक पत्र भी लिखा था। उन्होंने कहा था कि मैं चाहता हूं कि आप मुझे और मेरे साथियों से युद्धबंदी जैसा व्यवहार करें। इसलिए हमारी जान फांसी से नहीं, सीधा गोली मार कर ली जाए। यह उनके अदम्य साहस का प्रमाण है।’ उन्होंने कहा, ‘आज लता मंगेशकर की जयंती है। भारतीय संस्कृति और संगीत में रुचि रखने वाला कोई भी उनके गीतों को सुनकर अभिभूत हुए बिना नहीं रह सकता। उनके गीतों में वो सब कुछ है जो मानवीय संवेदनाओं को झकझोरता है। लता दीदी जिन महान विभूतियों से प्रेरित थीं उनमें वीर सावरकर भी एक हैं, जिन्हें वो तात्या कहती थीं। उन्होंने वीर सावरकर जी के कई गीतों को भी अपने सुरों में पिरोया।’

भारत में चल रहे नवरात्रि के उत्सव और आने वाले पर्वों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘नवरात्रि के इस समय में हम शक्ति की उपासना करते हैं। हम नारीशक्ति का उत्सव मनाते हैं।बिजनेस से लेकर स्पोर्ट्स तक और एजुकेशन से लेकर साइंस तक… आप किसी भी क्षेत्र को लीजिए, देश की बेटियां हर जगह अपना परचम लहरा रही हैं। हमारे पर्व-त्योहार भारत की संस्कृति को जीवंत बनाए रखते हैं। छठ पूजा… एक ऐसा पावन पर्व है, जो दिवाली के बाद आता है। सूर्यदेव को समर्पित यह महापर्व बहुत ही विशेष है। इसमें हम डूबते सूर्य को भी अर्घ्य देते हैं, उनकी आराधना करते हैं। छठ न केवल देश के अलग-अलग हिस्सों में मनाई जाती है, बल्कि दुनिया भर में छटा देखने को मिलती है। आज ये एक ग्लोबल फेस्टिवल बन रहा है।’

गांधी जयंती को लेकर पीएम मोदी ने कहा, ‘बीते 11 साल में खादी के प्रति देश के लोगों का आकर्षण बहुत बढ़ गया है। पिछले कुछ वर्षों में खादी की बिक्री में बहुत तेजी देखी गई है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि 2 अक्टूबर को कोई ना कोई खादी product जरूर खरीदें। गर्व से कहें -ये स्वदेशी हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘इस बार विजयादशमी एक और वजह से बहुत विशेष है। इसी दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष हो रहे हैं। एक शताब्दी की ये यात्रा जितनी अद्भुत है, अभूतपूर्व है, उतनी ही प्रेरक है। देश में कहीं भी प्राकृतिक आपदा आए, RSS के स्वयंसेवक सबसे पहले वहाँ पहुँच जाते हैं। लाखों लाख स्वयंसेवकों के जीवन के हर कर्म, हर प्रयास में राष्ट्र प्रथम की यह भावना हमेशा सर्वोपरि रहती है।’

पीएम ने त्योहारों में स्वदेशी चीजों को खरीदने की अपील की और कहा, ‘हम ठान लें कि इस बार त्योहार सिर्फ स्वदेशी चीजों से ही मनाएंगे, तो देखिएगा, हमारे उत्सव की रौनक कई गुना बढ़ जाएगी। ‘Vocal for Local’ को खरीदारी का मंत्र बना दीजिए। ठान लीजिए, हमेशा के लिए, जो देश में तैयार हुआ है, वही खरीदेंगे। जिसे देश के लोगों ने बनाया है, वही घर ले जाएंगे। जिसमें देश के किसी नागरिक की मेहनत है, उसी सामान का उपयोग करेंगे।’

पढ़ें :- ग्रीन पटाखों के दिवाली पर पटाखे फोड़ने का समय, QR कोड और पुलिस पेट्रोलिंग का जाने क्या हैं नियम?
Advertisement