अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर आज ट्रस्ट की एक बड़ी बैठक हुई। इस बैठक के बाद राम मंदिर में दिए गए आभूषण और बहुमूल्य धातुओं की चोरी के आरोपों को लेकर ट्रस्ट की तरफ से स्थिति साफ की गयी। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज ने कहा कि, हमारे पास 2800 वस्तुओं का रिकॉर्ड सुरक्षित है और सभी वस्तुएं हमारे पास सुरक्षित हैं।
पढ़ें :- 'चोरी ट्रस्ट वालों ने की है, कृपया सम्पूर्ण अयोध्यावासियों को गाली न दें...' पूर्व मंत्री पवन पांडेय की भावुक अपील
चोरी के आरोपों के बाद आईं दान की वस्तुओं को दिखाया गया, जिसमें स्वर्णांकित रामचरितमानस, काकभुशुंडी, भगवान का कंठा, चरण पादुकाओं समेत अन्य सामान शामिल हैं। उन्होंने ये भी कहा कि, अगर किसी दानदाता को दान दी गई वस्तु को देखना है तो वो आकर प्रमाण देकर उसे देख सकता है।
आरोपों के बाद गोविंद देव गिरि ने मिले हुए दान के सभी रिकॉर्ड को दिखाया। उन्होंने कहा कि, आपको दिखाने के लिए इन सभी चीजों का रिकॉर्ड रखने वाले रजिस्टर को भी लाए हैं। हम उन सभी चीजों का विवरण पेश करेंगे जिनकी बात हो रही है। इसके अलावा, हम आपको बताना चाहते हैं कि हमारे पास ऐसी 2800 चीजों की सूची वाला एक रजिस्टर है, और वे सभी सुरक्षित हैं। हम ये पांच खास चीजें, जिन पर चर्चा हो रही है, सिर्फ आपको नमूने के तौर पर दिखाने के लिए लाए हैं।