लखनऊ। अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, मिल्कीपुर का चुनाव PDA बनाम भाजपा के भ्रष्ट तंत्र के बीच का मुक़ाबला है। भाजपा भीतरघात से पहले ही कमज़ोर पड़ गयी है।
पढ़ें :- कॉलेज ऑफ़ फ़ार्मेसी नौतनवा को मिला ‘A ग्रेड’, एसआईआरएफ–2026 रैंकिंग में जनपद में सर्वोच्च स्थान
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, मिल्कीपुर में कोई व्यक्ति नहीं, पीडीए का प्रतिनिधि लड़ रहा है। मिल्कीपुर उपचुनाव देश के उपचुनावों के इतिहास का सबसे बड़ा चुनाव होगा। इसीलिए हम चाहते हैं कि दुनियाभर के जो जर्नलिस्ट हैं वो इस चुनाव को देखने-समझने-कवर करने आएं। इस चुनाव की केस स्टडी करने के लिए हम दुनिया के बड़े विद्वानों को आमंत्रित करते हैं।
उन्होंने आगे लिखा, हम चाहते हैं कि उप्र की सरकार इस उपचुनाव को ‘पारदर्शी चुनाव का उदाहरण’ बनाए और वो भी सबको आमंत्रित करे। मिल्कीपुर का चुनाव PDA बनाम भाजपा के भ्रष्ट तंत्र के बीच का मुक़ाबला है। भाजपा भीतरघात से पहले ही कमज़ोर पड़ गयी है। भाजपा को हराने के लिए किसान, महिला और युवा तैयार बैठे हैं। मिल्कीपुर के चुनाव का रिज़ल्ट एक बड़ा संदेश देकर जाएगा। इस चुनाव के बाद भाजपा का ये भ्रम टूट जाएगा कि कुछ लोग हमेशा उन्हीं को वोट देते हैं। मिल्कीपुर में पीडीए का सौहार्द जीतेगा और साम्प्रदायिक राजनीति हारेगी।