Strait of Hormuz Blockade : ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की जंग का खामियाजा पूरी दुनिया को उठाना पड़ रहा है। इस जंग के बाद पश्चिम एशिया में करीब तीन हफ्तों से तनाव बरकरार है और ईरान ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को बंद कर रखा है। जिसकी वजह से तेल और गैस को ले जाने वाले कई शिप फंसे हुए हैं। लेकिन, ईरान पीछे हटने को तैयार नहीं है और कतर, सऊदी अरब, यूएई और इजरायल में तेल-गैस केंद्रों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमले बोल रहा है। इस बीच, अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को खोलने के लिए एक खतरनाक प्लान बनाया है।
पढ़ें :- डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य की नाकेबंदी का दिया आदेश , बोले-अमेरिका पर गोली चलाने वाले किसी भी ईरानी को भेज देंगे नर्क में
एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को खोलने के लिए ईरान को मजबूर करने के लिए खर्ग द्वीप पर कब्जा करने की रणनीति तैयार कर रहे। ईरान से के दक्षिणी तट से करीब 25-30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित खर्ग द्वीप का ऑयल हब यानी कि तेल का मुख्य केंद्र माना जाता है। यहीं से उसको 90 फीसदी तेल मिलता है। पर्शियन गल्फ के बीच में होने की वजह से ये ईरान के लिए रणनीतिक तौर पर भी अहम है। अमेरिकी सेना ने हाल ही इस द्वीप पर हवाई हमले भी किए थे। इस हमले के दौरान खर्ग द्वीप के 90 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया था। जिसमें मिसाइल स्टोरेज बंकर, एयर डिफेंस सिस्टम शामिल थे।
सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में आगे कहा गया है- ट्रंप प्रशासन का ईरान पर स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज को फिर से खोलने का दबाव बनाने के लिए खर्ग द्वीप पर कब्जा करने या उसकी घेराबंदी करने की प्लानिंग कर रहा है। खर्ग द्वीप पर कब्जा अमेरिकी सैनिकों को सीधे तौर पर हमला करने की जद में ला सकता है। ये ऑपरेशन ऐसे वक्त पर शुरू होगा जब अमेरिकी सेना होर्मुज के आसपास ईरान की सैन्य क्षमता को और कमजोर कर दे। अगर ऐसे किसी ऑपरेशन को मंजूरी मिलती है, तो उसके लिए और ज्यादा अमेरिकी सैनिकों की जरूरत होगी।