Ukraine Big Attack: इस्तांबुल में रूस-यूक्रेन के बीच तीन साल बाद हुई शांति वार्ता विफल रही। जिसके बाद रूस ने यूक्रेन पर अब तक सबसे बड़ा हवाई हमला किया है। जिसमें यूक्रेन पर एक साथ 273 ड्रोन से बमबारी की गयी है। कीव के अधिकारियों ने रविवार को रूसी हमले की पुष्टि की है।
पढ़ें :- Iran-Israel War: इजरायल और अमेरिका से युद्ध के बीच नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई का आया पहला और बड़ा बयान
यूक्रेन के अधिकारियों बताया कि, रूस की ओर से यह कार्रवाई युद्ध की शुरुआत से अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला है। जिसके बाद यूक्रेन के कई शहरों में हर तरफ तबाही का मंजर नजर आया है। इस हवाई हमले में कीव क्षेत्र में कम से कम एक मौत की खबर है और कई लोग घायल हो गए हैं। यूक्रेनी की वायु सेना के अनुसार, रूस ने स्थानीय समयानुसार सुबह 8 बजे तक (0500 GMT) 273 ड्रोन लॉन्च किए, जिनका लक्ष्य मुख्य रूप से मध्य कीव क्षेत्र और देश के पूर्व में निप्रोपेट्रोव्स्क और डोनेट्स्क क्षेत्र थे।
यूक्रेनी वायु रक्षा बलों ने 88 ड्रोन मार गिराए, जबकि 128 नकली ड्रोन बिना किसी नुकसान पहुंचाए गिर गए। कीव और इसके आसपास के क्षेत्रों में नौ घंटे तक हवाई हमले की चेतावनी जारी रही। यूक्रेन के डिसइन्फॉर्मेशन सेंटर के प्रमुख आंद्रेई कोवालेन्को ने कहा, “रूस ने हमेशा वार्ता के समय धमकाने के लिए युद्ध का सहारा लिया है।” इससे पहले फरवरी 2025 में रूस ने यूक्रेन पर एक साथ 267 ड्रोन हमले किए थे। उसके बाद अब 273 ड्रोन से बमबारी इस युद्ध में सबसे बड़ा हमला है।
बता दें कि रूस ने यूक्रेन पर यह हमला ऐसे समय पर किया है, जब दोनों के बीच शांति वार्ता में सीजफायर पर सहमति नहीं बन पायी। पिछले दिनों तुर्की के इस्तांबुल में रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता विफल रही। दोनों तीन साल बाद शांति वार्ता के लिए तैयार हुए थे। हालांकि, 100 मिनट की वार्ता में दोनों देशों के बीच 1,000 युद्धबंदियों को रिहा करने की सहमति बनी थी।