Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. मिलावटी सरसों के तेल से किडनी और दिल को सबसे ज्यादा खतरा, जांच-परख कर करें सेवन

मिलावटी सरसों के तेल से किडनी और दिल को सबसे ज्यादा खतरा, जांच-परख कर करें सेवन

By Sushil Sah 
Updated Date

नई दिल्ली। भारतीय रसोई का अहम हिस्सा सरसों का तेल है। सब्जी बनाने से लेकर अचार और तलने-भूनने तक इसका इस्तेमाल बहुत बड़े पैमाने पर होता है। लेकिन यदि यही सरसों का तेल मिलावटी हो, तो यह स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। खासकर तब और जब इसमें जहरीला आर्जीमोन (Argemone) तेल मिला हो। इससे दिल, किडनी और आंखों पर गंभीर असर पड़ सकता है। चिकित्सकीय शोध के मुताबिक, आर्जीमोन तेल की मिलावट से महामारी जलोदर या जानपदिक जलशोफ यानी ‘Epidemic Dropsy’ नाम की बीमारी हो सकती है। यह बीमारी शरीर में असामान्य सूजन, सांस लेने में परेशानी और हृदय संबंधी जटिलताओं का कारण भी बन सकती है।

पढ़ें :- बिसलेरी पानी का सैंपल जांच में मिला 'असुरक्षित', FSSAI ने मुकदमा चलाने की दी मंजूरी, कंपनी ने आरोपों पर क्या दिया जवाब?

आर्जीमोन तेल कैसे बनता है खतरनाक?

बता दें कि ‘आर्जीमोन मेक्सिकाना’ एक जंगली पौधा है, जिसके बीज सरसों के बीजों से मिलते-जुलते हैं। इसकी इसी समानता के कारण कभी-कभी इसके बीजों से निकला तेल सरसों के तेल में मिलाया जाता है। इस तेल में सैंग्विनारिन (Sanguinarine) और डाइहाइड्रोसैंग्विनारिन (Dihydrosanguinarine) नामक जहरीले तत्व पाए जाते हैं। ये शरीर की रक्त वाहिकाओं को प्रभावित कर सकते हैं। साथ ही ये तत्व शरीर के विभिन्न अंगों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसके गंभीर मामलों में दिल की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है, किडनी पर दबाव बढ़ सकता है और आंखों में ग्लूकोमा जैसी समस्या भी हो सकती है।

किडनी और दिल पर कैसे पड़ता है असर?

आर्जीमोन तेल की मिलावट से होने वाली बीमारी में शुरुआत में पेट से जुड़ी परेशानियां दिखाई दे सकती हैं। इसके बाद शरीर में कई तरह के लक्षण सामने आ सकते हैं जिनमें पैरों और शरीर में असामान्य सूजन, उल्टी, दस्त और पेट से जुड़ी परेशानी, सांस लेने में तकलीफ और खांसी, शरीर में कमजोरी और एनीमिया, आंखों में दबाव बढ़ना और ग्लूकोमा, गंभीर स्थिति में हृदय गति प्रभावित होना और हार्ट फेलियर का खतरा, चिकित्सकीय साहित्य में किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होने और हृदय संबंधी गंभीर जटिलताओं जैसे मुख्य लक्षण शामिल है।

पढ़ें :- सावधान! लाल चटनी और दाल में मिलाया जा रहा केमिकल रंग, जांच में दो नमूने फेल

सरसों का तेल खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान?

खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार तेल खरीदते समय कुछ सावधानियां बेहद जरूरी हैं जो यहां दी गईं है:

1. हमेशा भरोसेमंद दुकानदार या प्रतिष्ठित ब्रांड से तेल खरीदें।

2. पैक्ड तेल लेते समय FSSAI लाइसेंस नंबर, पैकिंग की तारीख और बैच नंबर जरूर देखें।

3. बिना लेबल वाले खुले और संदिग्ध तेल की खरीदारी से बचें।

पढ़ें :- प्रियागोल्ड बिस्किट में जानवरों वाली भूसी, दूध में डिटर्जेंट, FSSAI का बड़ा एक्शन, 3 कंपनियों पर कार्रवाई

4. तेल का बिल जरूर लें, ताकि शिकायत की स्थिति में खरीद का प्रमाण रहे।

5. तेल की शुद्धता की पुष्टि केवल रंग, गंध या स्वाद से नहीं की जा सकती। जरूरत पड़ने पर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में जांच कराएं।

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ( Food Safety and Standards Authority of India) के खाद्य सुरक्षा अभियान में भी खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान और सुरक्षित खरीदारी को लेकर जागरूकता पर जोर दिया गया है।

मिलावटी तेल की आशंका हो तो क्या करें?

यदि किसी तेल के सेवन के बाद शरीर में असामान्य सूजन, सांस लेने में परेशानी या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। साथ ही उस संदिग्ध तेल का सेवन बंद करें और उसका पैकेट या नमूना सुरक्षित रखें।

आपको बता दें कि खाद्य पदार्थ में मिलावट की शिकायत FSSAI के Food Safety Connect पोर्टल पर भी की जा सकती है।

पढ़ें :- इंदौर में पैक्ड घी में ‘जहर’! तय सीमा से 10 गुना ज्यादा मिला सीसा, 17 हजार लीटर स्टॉक पर सवाल
Advertisement