Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सेमरहवा घाट को बड़ी सौगात:विधायक ऋषि त्रिपाठी की पहल पर 27 करोड़ का पुल मंज़ूर

सेमरहवा घाट को बड़ी सौगात:विधायक ऋषि त्रिपाठी की पहल पर 27 करोड़ का पुल मंज़ूर

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: रोहिन नदी के सेमरहवा घाट पर वर्षों से पुल का इंतज़ार कर रहे ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत आई है। बरसात में तीन तरफ जंगल और दूसरी तरफ उफनती नदी—ऐसे हालात में सेमरहवा और आसपास के गांव हर साल दुनिया से कट जाते थे। स्कूल, अस्पताल और रोजमर्रा का काम—सब ठप।

पढ़ें :- मोहर्रम को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति एवं सुरक्षा का दिया संदेश

इस दर्द को आवाज देने के लिए ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव में “पुल नहीं तो वोट नहीं” का नारा बुलंद किया और मतदान का बहिष्कार किया। मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।

इसी दौरान नौतनवा के विधायक ऋषि त्रिपाठी खुद ग्रामीणों के बीच पहुंचे। लोगों की पीड़ा समझी और खुलकर कहा—

“अगर पुल नहीं बना, तो मैं वोट मांगने नहीं आऊंगा।”

यह भरोसा काम आया और ग्रामीणों ने मतदान में हिस्सा लिया।

पढ़ें :- लखनऊ अग्निकांड: कई होटल, रेस्तरां और व्यावसायिक प्रतिष्ठान फायर सेफ्टी मानकों का करते हैं उल्लंघन, घटना के बाद कार्रवाई में जुटते हैं अधिकारी

इसके बाद विधायक त्रिपाठी ने इस मुद्दे को लगातार लखनऊ तक पहुंचाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कई दौर की मुलाकात, लिखित अनुरोध और सदन में आवाज—आखिरकार उनका संघर्ष सफल हुआ।

अब रोहिन नदी के सेमरहवा घाट पर पुल निर्माण की स्वीकृति मिल गई है।

यह पुल करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।

विधायक ऋषि त्रिपाठी ने स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा—“यह पुल वर्षों से उपेक्षित गांवों की जिंदगी बदल देगा। अब बच्चे बिना जोखिम के स्कूल जाएंगे, मरीज समय पर अस्पताल पहुंचेंगे और क्षेत्र में विकास की नई शुरुआत होगी।”

ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली और कहा कि विधायक ने जमीन पर उतरकर जो वादा किया था, उसे निभाकर दिखाया।

पढ़ें :- Lucknow Fire: घटनास्थल पर पहुंचे सीएम योगी, पीड़ित परिवारों से मिले, आर्थिक मदद का भी किया एलान

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 

Advertisement