नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण पूरी दुनियाभर में हाहाकार मचा हुआ है। डीजल-पेट्रोल के साथ ही एलपीजी का संकट भी देखने को मिल रहा है। इन सबके बीच देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर कंपनियों में शामिल नायरा एनर्जी ने गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी कर दी है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में पांच रुपये प्रति लीटर और डीजल में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है।
पढ़ें :- IPL 2026 से ठीक पहले RCB को लग सकता है बड़ा झटका, इस स्टार तेज गेंदबाज को नहीं मिली NOC
मीडिया रिपोर्ट की माने तो, ये फैसला वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हालिया तेजी के बाद लिया गया है। दरअसल, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में तेजी से उछाल देखने को मिला है, जिसका असर अब घरेलू बाजार में दिखने लगा है।
दरअसल, ईरान—इजरायल और अमेरिका के बीच हुए युद्ध के बाद से अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद से भी भारत में डीजल और पेट्रोल की खुदरा कीमतें लंबे समय से स्थिर बनी हुई थीं, जिससे ईंधन विपणन कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ रहा था।
नायरा एनर्जी देश के कुल 1,02,075 पेट्रोल पंपों में से करीब 6,967 पंप संचालित करती है। कंपनी ने अब बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डालने का फैसला किया है। हालांकि, इस मुद्दे पर कंपनी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है।