Assam Election Result: असम विधानसभा चुनाव के रिजल्ट में भाजपा ने प्रचंड बहुमत से सत्ता में वापसी की है। अब वहां पर फिर से नई सरकार के गठन की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। इसको लेकर आज मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा अपने मंत्रिपरिषद के साथ इस्तीफा दे दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से इसको लेकर बयान जारी किया गया है, जिसमें बताया गया है कि, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपना और अपने मंत्रिपरिषद का इस्तीफा सौंप दिया। राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। हालांकि, नई सरकार के गठन और शपथ ग्रहण तक हिमंत बिस्व सरमा को कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाने का अनुरोध किया गया है।
पढ़ें :- Assam News : बस-ट्रक भिड़ंत में अब तक 23 की मौत, ज्यादातर स्टूडेंट, गाड़ी काटकर शव निकाले, बस के कट चुके थे 12 चालान
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि, शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है। उन्होंने शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शामिल होने के लिए आग्रह किया है। उन्होंने आगे कहा कि, हमें जानकारी मिली है कि, जेपी नड्डा और नायब सिंह सैनी विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। जैसे ही वो निर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाने का निर्देश देंगे, हम बैठक आयोजित करेंगे। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद ही शपथ ग्रहण समारोह की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
बता दें कि, असम विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत हासिल हुआ था। 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने अकेले 82 सीटों पर जीत दर्ज कर विपक्ष को करारी शिकस्त दी। यह जीत राज्य में पार्टी के बढ़ते जनाधार और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व पर जनता के भरोसे को दर्शाती है। वहीं, कांग्रेस 19 सीटों पर ही सिमट गयी।