Australia vs Zimbabwe : कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के 19वें मैच में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है, जहां ग्रुप बी के मैच में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को 23 रनों से मात दी है। जिम्बाब्वे ने 2007 में ताकतवर ऑस्ट्रेलियाई टीम को हराया था, उन्होंने 2026 में भी उन्हें एक बार फिर हराया है।
पढ़ें :- T20 World Cup Final : फाइनल में न्यूजीलैंड ने जीता टॉस, भारत को दिया पहले बल्लेबाजी का न्योता
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ट्रेविस हेड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। जिसके बाद बल्लेबाजी के लिए मुश्किल दिख रही पिच पर जिम्बाब्वे ने 2 विकेट के नुकसान पर 169 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसमें ब्रायन बेनेट की 64 रनों की अहम पारी शामिल रही। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं टिक सकी और पूरी टीम 146 रनों पर ढेर हो गयी। मैट रेनशॉ ने 65 रनों की अहम पारी खेली, लेकिन अन्य कोई बल्लेबाज उनका साथ न दे सका।
जिम्बाब्वे की ओर से ब्लेसिंग मुज़रबानी और ब्रैड इवांस ने शानदार गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को क्रीज़ पर टिकने नहीं दिया। मुज़रबानी ने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर चार अहम विकेट अपने नाम किए। इवांस ने तीन विकेट झटके। इसके अलावा, वेलिंगटन मसाकाद्ज़ा और रयान बर्ल को एक-एक विकेट मिला। ऑस्ट्रेलिया को यह हार काफी समय तक परेशान करने वाली है। फिलहाल, उन्हें अगले स्टेज में पहुंचने के लिए बाकी सभी मैच जीतने का दबाव होगा।