Bihar Encounter: बिहार के अररिया जिले में एसटीएफ और पुलिस की टीम ने एनकाउंटर में कुख्यात लुटेरा चुनमुन झा को मार गिराया है। चुनमुन पूर्णिया के चर्चित तनिष्क शोरूम लूटकांड में वांछित था। शनिवार तड़के एनकाउंटर में चुनमुन पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया था। जिसके बाद उसे अररिया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
पढ़ें :- ढाई साल बाद आया UPPSC RO/ARO का फाइनल रिजल्ट, 419 अभ्यर्थी सफल, अनिल पांडेय ने किया टॉप
जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ और अररिया पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार चल रहा पूर्णिया तनिष्क शोरूम लूट कांड के वांछित अपराधी चुनमुन झा नरपतगंज के थलहा के पास छिपा हुआ है। जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू की गयी। इस बीच तड़के करीब 3 बजे अपराधियों और एसटीएफ के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से चुनमुन झा घायल हो गया उसको सीने में कई गोलियां लगीं। जबकि एक अपराधी मौके से फरार हो गया। मुठभेड़ में एसटीएफ और पुलिस के 4 जवान घायल हुए हैं।
घायल अपराधी चुनमुन झा को नरपतगंज पीएससी में भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अररिया सदर अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान चुनमुन की मौत हो गई। अररिया सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ प्रदीप कुमार ने कहा कि अपराधी को 6 से 7 गोलियां लगी थी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल पाएगा कि उसे कुल कितनी गोलियां लगी हैं।