नई दिल्ली। ब्रिटेन की विदेश सचिव यवेट कूपर ने गुरुवार को कहा कि इज़राइल द्वारा लेबनान पर की जा रही ज़ोरदार बमबारी बेहद नुकसानदायक है। इससे अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष-विराम पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। कूपर ने कहा कि हम चाहते हैं कि लेबनान को भी इस संघर्ष-विराम में शामिल किया जाए। इसका दायरा बढ़ाकर लेबनान तक किया जाना चाहिए, क्योंकि अगर ऐसा नहीं हुआ तो पूरा इलाका अस्थिर हो जाएगा। कल इज़राइल की तरफ से जो तनाव बढ़ता हुआ दिखा, वह बेहद नुकसानदायक था। हम चाहते हैं कि यह दुश्मनी समाप्त हो।
पढ़ें :- मध्य- पूर्व संकट के बीच वैश्विक इस्पात कॉन्फेंस को किया गया रद्द, नई दिल्ली भारत मंडपम में होना था कार्यक्रम
विदेश सचिव यवेट कूपर ने कहा कि ब्रिटेन खाड़ी क्षेत्र में अपने सहयोगियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है। अन्य देशों के साथ मिलकर स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को फिर से खोलने के तरीकों पर काम कर रहा है। अमेरिका के साथ संबंधों में आए तनाव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि लंदन के लिए यह संभव है कि वह वाशिंगटन के करीब रहते हुए भी इस क्षेत्र में एक अलग दृष्टिकोण अपनाए। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कुछ बयानबाज़ियों, खासकर ईरान के खिलाफ उनकी धमकियों को खतरनाक बताया। कूपर ने कहा कि मुझे लगता है कि जिस तरह की बयानबाज़ी हमने देखी है, वह पूरी तरह से गलत है। इस तरह की तनाव बढ़ाने वाली बयानबाज़ी के नतीजे भी तनावपूर्ण हो सकते हैं।