नई दिल्ली। सीबीएसई (CBSE) ने कक्षा नौवीं के शैक्षिक सत्र 2026-27 और इसी बैच के कक्षा 10वीं में पहुंचने पर सत्र 2027-28 के लिए पाठ्यक्रम और मूल्यांकन व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। इस बैच के विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम में ‘इंडिविजुअल्स इन सोसाइटी’, ‘क्रिटिकल थिंकिंग (CT) एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) माड्यूल’ और 10वीं में ‘एनवायरनमेंटल एजुकेशन’ (Environmental Education) शामिल नहीं होंगे।
पढ़ें :- SIR सॉफ्टवेयर की RTI में जानकारी देने से चुनाव आयोग का इनकार,कहा- यह ट्रेड सीक्रेट, कांग्रेस का आरोप- सॉफ्टवेयर की जानकारी छिपा रहा आयोग
नई व्यवस्था में व्यावसायिक शिक्षा अनिवार्य रहेगी। विद्यार्थियों को इसके लिए ‘कौशल विकास’ या बोर्ड की ओर से अधिसूचित 22 कौशल विषयों में से किसी एक का विकल्प चुनना होगा। दोनों विकल्पों के मूल्यांकन का तरीका अलग-अलग होगा। कौशल विकास में स्कूल स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन होगा, जबकि 22 कौशल विषयों में से किसी एक को चुनने वाले विद्यार्थी को 10वीं में संबंधित विषय की बोर्ड परीक्षा देनी होगी।
नौवीं में नौ विषय अनिवार्य, एक वैकल्पिक विषय चुनने की छूट
सीबीएसई (CBSE) के अनुसार मौजूदा कक्षा नौवीं (2026-27) और इसी बैच की कक्षा 10वीं (2027-28) के विद्यार्थियों को नौ अनिवार्य विषय पढ़ने होंगे। इनमें तीन भाषाएं, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, कला शिक्षा, शारीरिक शिक्षा एवं कल्याण और व्यावसायिक शिक्षा शामिल हैं। वैकल्पिक विषयों की सूची में भाषाओं के साथ संगीत, चित्रकला, गृह विज्ञान, एनसीसी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, बिजनेस और बुक कीपिंग एवं अकाउंटेंसी जैसे विषय भी शामिल हैं। यदि विद्यार्थी वैकल्पिक विषय के रूप में कोई भाषा चुनता है, तो वह पहले से चुनी गई तीन भाषाओं से अलग होनी चाहिए।
22 कौशल विषयों में एआई, डेटा साइंस और कृषि भी शामिल
पढ़ें :- राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवा पीढ़ी को दी सलाह, बोलीं- 'गर्लफ्रेंड बनाने में बुराई नहीं, लेकिन...'
विद्यार्थियों को पारंपरिक अकादमिक पढ़ाई के साथ व्यावहारिक कौशल से जोड़ने वाले रोजगारपरक और कौशल आधारित 22 विषयों में रिटेल, सूचना प्रौद्योगिकी, सिक्योरिटी, आटोमोटिव, कृषि, पर्यटन, बैंकिंग एवं बीमा, हेल्थकेयर, मार्केटिंग एवं सेल्स, फूड प्रोडक्शन, ब्यूटी एंड वेलनेस, मल्टीमीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, इलेक्ट्रानिक्स व हार्डवेयर और डिजाइन थिंकिंग एंड इनोवेशन शामिल हैं। इसके अलावा फिजिकल एक्टिविटी ट्रेनर और फार्मास्यूटिकल एवं बायोटेक्नोलाजी से संबंधित फाउंडेशन स्किल्स जैसे विषय भी हैं।
10वीं में पांच मुख्य विषयों की बोर्ड परीक्षा
2027-28 में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए पांच मुख्य विषय निर्धारित हैं। इनमें पहली भाषा (R-1), दूसरी भाषा (R-2), गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान हैं। इनके अतिरिक्त विद्यार्थी के चुने गए वैकल्पिक विषय, एडवांस्ड गणित, एडवांस्ड विज्ञान और 22 कौशल विषयों में से चुने गए विषय की भी बोर्ड परीक्षा होगी। तीसरी भाषा (आर-3), कला शिक्षा और शारीरिक शिक्षा एवं कल्याण का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर होगा।
कौशल विकास में 33 प्रतिशत अंक पर स्कूल देगा प्रमाणपत्र
कौशल विकास विषय में विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा नहीं देनी होगी। स्कूल स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन में कम से कम 33 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संबंधित स्कूल अपना प्रमाणपत्र जारी करेगा। इसके विपरीत 22 कौशल विषयों में से कोई विषय चुनने वाले विद्यार्थियों के अंक और ग्रेड बोर्ड की ओर से जारी अंकपत्र में दर्ज होंगे। उत्तीर्ण होने पर विद्यार्थी को एनएसक्यूएफ प्रमाणपत्र भी मिलेगा।