Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. Dausa Accident: खाटू श्याम और सालासर बालाजी से लौट रहे 11 श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत, राष्ट्रपति ने जताया दुख

Dausa Accident: खाटू श्याम और सालासर बालाजी से लौट रहे 11 श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत, राष्ट्रपति ने जताया दुख

By Abhimanyu 
Updated Date

Dausa Accident: राजस्थान के दौसा जिले में बुधवार तड़के एक पिकअप वैन एक खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें सात बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्य के सीएम भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है।

पढ़ें :- पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ने 284 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का किया एलान, ममता बनर्जी के खिलाफ इनको दिया टिकट

राष्ट्रपति मुर्मू ने हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “दौसा, राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

पढ़ें :- इंडिया इंटरनेशनल फिल्म फैस्टिवल में बंगाली फिल्म पुरतावन की हुई स्क्रीनिंग, दिग्गज स्टार शर्मिला टैगोर ने निभाया मां का रोल

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, “दौसा में भीषण सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दु:खद है। जिला प्रशासन को घायलों का त्वरित एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

सड़क दुर्घटना पर राजस्थान के मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा, “इतनी बड़ी दुर्घटना बहुत कम होती है… जिस जगह यह दुर्घटना हुई, वहाँ कई दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि वह कुछ राशि दे ताकि इस जगह का पुनर्निर्माण किया जा सके।”

दौसा के पुलिस अधीक्षक सागर ने बताया कि पिकअप वाहन में सवार लोग खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर के दर्शन करने के बाद उत्तर प्रदेश के एटा स्थित अपने गाँव लौट रहे थे, तभी मनोहरपुर राजमार्ग पर सुबह करीब 4-5 बजे यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों में सात बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं।

उप पुलिस अधीक्षक रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि एक महिला की एसएमएस अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हो गई, जहां उसे दौसा से रेफर किया गया था। हादसे में घायल लोगों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Advertisement