Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. दुनिया
  3. जंग के बीच बढ़ी कूटनीती : मई में डोनाल्ड ट्रंप का चीन दौरा तय, शी जिनपिंग से होगी अहम मुलाकात

जंग के बीच बढ़ी कूटनीती : मई में डोनाल्ड ट्रंप का चीन दौरा तय, शी जिनपिंग से होगी अहम मुलाकात

By हर्ष गौतम 
Updated Date

डिजिटल डेस्क, पर्दाफाश। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 14 और 15 मई को चीन की यात्रा करेंगे, जहां वह अपने समकक्ष शी जिनपिंग के साथ शिखर वार्ता में शामिल होंगे। इस बात की जानकारी व्हाइट हाउस ने दी है। डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले इसी महीने के अंत में चीन जाने वाले थे, लेकिन ईरान के साथ जारी युद्ध के कारण उनका दौरा स्थगित कर दिया गया था। अब बदले हुए कार्यक्रम के तहत यह यात्रा मई में होगी।

पढ़ें :- 'भारत को रूसी तेल खरीदने से रोकने का मकसद पूरा...' ट्रंप के मंत्री ने 25 प्रतिशत टैरिफ हटाने के दिये संकेत

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप इस वर्ष वॉशिंगटन में शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लीयुआन की मेजबानी भी करेंगे। लेविट ने साफ किया कि बैठक को दोबारा तय करने को लेकर किसी तरह की कोई शर्त या युद्ध समाप्ति की बात नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि शी जिनपिंग ने मौजूदा हालात को समझते हुए ट्रंप के पहले वाले दौरे को टालने के फैसले को स्वीकार किया।

जब उनसे पूछा गया कि क्या मई तक युद्ध खत्म हो जाएगा, तो उन्होंने कहा कि पहले से चार से छह सप्ताह का अनुमान लगाया गया है, लेकिन स्थिति लगातार बदल रही है। इससे पहले दोनों नेताओं की मुलाकात एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन के दौरान दक्षिण कोरिया के बुसान में हुई थी। वहीं, हाल ही में ओवल ऑफिस में आयरलैंड के प्रधानमंत्री मिशेल मार्टिन से मुलाकात के दौरान ट्रंप ने अपने चीन दौरे को आगे बढ़ाने की बात कही थी।

ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका और चीन के बीच बातचीत जारी है और उन्हें उम्मीद है कि शी जिनपिंग से उनकी मुलाकात सकारात्मक रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों नेता एक-दूसरे से मिलने को लेकर उत्सुक हैं। अमेरिका और इज़रायल ने 28 फरवरी को ईरान पर संयुक्त हमला किया था, जिसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी देशों को भी निशाना बनाया। ऐसे में ट्रंप का यह चीन दौरा वैश्विक कूटनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Advertisement