नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव के नतीजों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने तीन प्रमुख पदों पर कब्जा जमाया है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन ने जीत दर्ज कर मुकाबले में बड़ा उलटफेर किया। कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI के खाते में इस बार एक भी पद नहीं आया।
पढ़ें :- DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी में 1 लाख 51 हजार से ज्यादा छात्र डाल रहे वोट, 158 बूथ और 1,100+ EVMs के बीच कड़ी सुरक्षा
अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अब यश डबास संभालेंगे। ABVP उम्मीदवार ने इस सीट पर जीत दर्ज की। वहीं सचिव पद पर ABVP की रिया छावड़ी ने बाजी मारी। संयुक्त सचिव पद भी ABVP के लक्ष्य राज सिंह के खाते में गया।
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार की जीत
DUSU चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा उपाध्यक्ष पद के नतीजे की रही। इस सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन ने जीत हासिल की। उन्होंने ABVP और NSUI के उम्मीदवारों को पीछे छोड़ते हुए पद अपने नाम किया।
इस चुनाव के लिए शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के 52 कॉलेजों और केंद्रों पर मतदान कराया गया था। कुल 1,51,519 छात्र मतदान के लिए पात्र थे, जिनमें से 61,312 छात्रों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 40.46 रहा।
पढ़ें :- दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ की वोटिंग जारी: 1.51 लाख से ज्यादा वोटर डाल रहे वोट
NSUI को नहीं मिली कोई सीट
चार केंद्रीय पदों के लिए हुए मुकाबले में NSUI को इस बार सफलता नहीं मिल सकी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव—चारों पदों पर उसके उम्मीदवार जीत दर्ज नहीं कर पाए। वहीं ABVP ने तीन पद अपने नाम किए और एक पद निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गया।