जालौन : यूपी के जालौन जनपद में कालपी क्षेत्र से सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों से लौट रहे एक परिवार को मातम में बदल दिया। कालपी कोतवाली क्षेत्र के चौरासी गुम्बद के पास हुए इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पढ़ें :- Agra-Lucknow Expressway Accident : बेकाबू होकर डबल डेकर बस पलटी, तीन यात्रियों की मौत और 25 से अधिक घायल
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, ललितपुर जनपद के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी अपने परिवार के साथ अयोध्या धाम में दर्शन कर वापस लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे, जैसे ही उनकी टवेरा कार कालपी क्षेत्र के चौरासी गुम्बद के पास पहुंची, चालक को अचानक झपकी आ गई।
नींद की इस एक चूक ने बड़ा हादसा कर दिया
कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे वाहन से जा टकराई।हादसा इतना भयानक था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
एक घंटे तक फंसे रहे घायल
घटना के बाद हालात बेहद भयावह थे। कई घायल करीब एक घंटे तक कार के केबिन में फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया। तत्काल कालपी पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
घायलों का इलाज जारी
हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है।
एक ही परिवार के थे सभी लोग
कार में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी, अंशुल तिवारी, स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज और देशराज शामिल थे। सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जिससे हादसे की भयावहता और भी बढ़ जाती है।
कालपी पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही कालपी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर यह चेतावनी देता है कि लंबी दूरी की यात्रा में थोड़ी सी लापरवाही जैसे झपकी भी जानलेवा साबित हो सकती है।