लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास की ऊंचाइयों को छू रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने अपने वादे को पूरा किया, जिसके कारण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को पहली उड़ान लखनऊ के लिए रवाना हुई, जिसमें किसानों का एक भावनात्मक और ऐतिहासिक पल बन गई। इस उड़ान की सबसे खास बात यह रही कि इसमें यात्री के रूप में वे किसान भी सवार थे, जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी थी। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरे किसानों के चेहरे पर खुशी, गर्व और भावुकता साफ दिखाई दी।
पढ़ें :- चंपत राय समेत राम मंदिर घोटाले के सभी आरोपियों को तुरंत किया जाए गिरफ्तार : संजय सिंह
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली फ्लाइट से लखनऊ आए ‘जेवर’ के अन्नदाता किसानों एवं नागरिकों का हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन! साथ ही कहा, आज का दिन जेवर, जनपद गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश और देश के एविएशन सेक्टर के लिए ऐतिहासिक है। भारत की सर्वाधिक संभावनाओं वाले ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ से आज पहली कमर्शियल फ्लाइट का शुभारंभ हुआ है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी सोच और जेवर के अन्नदाता किसानों का अमूल्य योगदान है।
साथ ही कहा, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत के पहले Cargo और MRO (Maintenance, Repair, and Overhaul) केंद्र के रूप में भी विकसित होने जा रहा है। अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश का किसान अन्न, फल और सब्जियां उगाएगा तथा उन्हें कार्गो सुविधा के माध्यम से वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में सक्षम होगा। जेवर इस सुविधा का केंद्र बिंदु बनेगा। उन्होंने आगे कहा, दुनिया के पांच प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र में अपने-अपने कैंपस स्थापित करने के लिए आ रहे हैं। आज यह क्षेत्र एक नए परिवर्तन का साक्षी बन रहा है। यहां की आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवरने जा रहा है।
पढ़ें :- बाबरी मस्जिद के पैरोकार रहे इकबाल अंसारी को SIT जांच पर है भरोसा, बोले-भगवान स्वयं ढूंढ लेंगे अपने पैसे को
मुख्यमंत्री ने कहा कि, YEIDA ने जनपद गौतमबुद्ध नगर में TATA के सहयोग से लगभग ₹225 करोड़ की लागत से एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। यह केंद्र आधुनिक तकनीक में प्रशिक्षण, सर्टिफिकेट, डिप्लोमा एवं डिग्री पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नए अवसर प्रदान करेगा। इससे कौशल विकास को गति मिलेगी, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार होंगे और निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।