संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू (Minister of Parliamentary Affairs, Kiren Rijiju) ने विशेष सत्र से पहले सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और सांसदों से संसद में सार्थक चर्चा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सांसदों को गैर-जरूरी बयानबाजी में शामिल होने के बजाय राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सदन के भीतर चर्चा करनी चाहिए।
नई दिल्ली। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू (Minister of Parliamentary Affairs, Kiren Rijiju) ने विशेष सत्र से पहले सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और सांसदों से संसद में सार्थक चर्चा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सांसदों को गैर-जरूरी बयानबाजी में शामिल होने के बजाय राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर सदन के भीतर चर्चा करनी चाहिए। रिजिजू ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में संसद की स्थापना ही इसलिए की गई है ताकि सदस्य राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श कर सकें और अपनी राय रख सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले किसी भी विधेयक या अन्य कामकाज पर सदन में विस्तार से चर्चा होनी चाहिए। प्रस्तावों से सहमत होना या असहमत होना अलग बात है, लेकिन उन पर सार्थक बहस जरूर होनी चाहिए।
किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने कहा कि लोकतंत्र में सांसद सरकार से सहमत हो सकते हैं या उसके फैसलों का विरोध कर सकते हैं, लेकिन संसद का सत्र चलना जरूरी है, क्योंकि पूरा देश देख रहा है कि संसद में अपनी बात कैसे रखी जाती है। सदन की कार्यवाही प्रभावी तरीके से चलाना हर सांसद की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कौन से विधेयक पेश किए जाएंगे, इसकी जानकारी बाद में देंगे। हालांकि, उन्होंने कहा कि एक अहम बिल लाया जाएगा जो 2-3 दिसंबर को पेश किया जा सकता है। फिलहाल सरकार कुछ बहुत अहम कामकाज लेकर आ रही है। सभी सांसदों को इसमें सक्रिय और रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए। दुनिया भारत की ओर देख रही है, क्योंकि भारत सबसे बड़ा लोकतंत्र है। ऐसे में संसद का सत्र पूरी जिम्मेदारी के साथ चलाना हमारा कर्तव्य है।