1. हिन्दी समाचार
  2. बॉलीवुड
  3. अमेरिकी मॉडल ने स्‍व‍िम सूट पर ‘ॐ’ छपा कपड़ा लपेटा ,’केंडल जेनर शर्म करो!’, भड़के यूजर्स- हिंदू आस्था का अपमान

अमेरिकी मॉडल ने स्‍व‍िम सूट पर ‘ॐ’ छपा कपड़ा लपेटा ,’केंडल जेनर शर्म करो!’, भड़के यूजर्स- हिंदू आस्था का अपमान

Kendall Jenner Faces Backlash : अमेरिकी मॉडल और टीवी पर्सनैलिटी केंडल जेनर विवादों में फंस गई हैं। 31 साल की केंडल की बहामास में छुट्टियों की तस्‍वीरों और वीडियोज को देख सोशल मीडिया पर भारतीय यूजर्स का गुस्‍सा फूट पड़ा है। वजह यह है कि इनमें केंडल ने 'ॐ' छपा हुआ एक कपड़ा पहन रखा है, वो भी स्विमवियर के ऊपर।

By santosh singh 
Updated Date

Kendall Jenner Faces Backlash : अमेरिकी मॉडल और टीवी पर्सनैलिटी केंडल जेनर विवादों में फंस गई हैं। 31 साल की केंडल की बहामास में छुट्टियों की तस्‍वीरों और वीडियोज को देख सोशल मीडिया पर भारतीय यूजर्स का गुस्‍सा फूट पड़ा है। वजह यह है कि इनमें केंडल ने ‘ॐ’ छपा हुआ एक कपड़ा पहन रखा है, वो भी स्विमवियर के ऊपर। अब यूजर्स उनकी कड़ी आलोचना कर रहे हैं। कई लोगों ने इसे हिंदू धर्म का अपमान बताया है। इनका कहना है कि ‘ॐ’ एक धार्मिक प्रतीक है, और उसका इस तरह ‘बीचवियर’ के तौर पर इस्‍तेमाल करना बेहद शर्मनाक है।

पढ़ें :- Video : फ्रिज के अंदर जमी बर्फ में दिखी शिवलिंग जैसी आकृति तो लोग बोले- अमरनाथ की गुफा में बर्फ घुल चुकी है, हमारे फ्रिज में प्रकट हुए भोलेनाथ जी

केंडल जेनर अपनी बहन काइली जेनर के साथ हेली बीबर का 30वां जन्मदिन मनाने बहामास गई थीं। इसी दौरान उनकी कुछ तस्वीरें सामने आईं, जिनमें उन्होंने अपने स्विमवियर के ऊपर ‘ॐ’ के निशान वाला कपड़ा लपेटा हुआ है। काइली जेनर अपनी यॉट पर बेफिक्र अंदाज में हंसती-ख‍िलख‍िलाती नजर आ रही हैं। उन्‍होंने ही इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनके साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, कि ‘दुनिया की सबसे प्यारी लड़की।’

केंडल जेनर ने टू-पीस बिकिनी पर लपेटा ‘ॐ’ छपा सारोंग

काइली जेनर ने जो तस्‍वीरें शेयर की हैं, उनमें से एक में दोनों बहनें एक-दूसरे को गले लगाते हुए दिख रही हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में वे समुद्र के सामने पोज दे रही हैं। केंडल ने काले रंग की टू-पीस बिकिनी पहनी है और अपने शरीर के ऊपरी हिस्से पर पीले और लाल रंग का सारोंग लपेटा हुआ है, जिस पर ‘ॐ’ के निशान छपे हैं। जबकि काइली ने काले रंग की एक फिटेड मिडी ड्रेस पहनी है, जिसमें ‘V’ नेकलाइन और पारदर्शी (शीयर) डिजाइन है।

यूजर्स भड़के – ये सनातन धर्म का अपमान है, शर्म करो

सोशल मीडिया पर कई भारतीय यूजर्स ने एक धार्मिक प्रतीक को फैशन के तौर पर इस्तेमाल करने पर आपत्ति जताई है। इसे हिंदू मान्यताओं और परंपराओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया है। एक यूजर ने कमेंट किया, ‘मुझे एक बड़े विवाद की आहट मिल रही है…’ एक दूसरे यूजर ने लिखा, ‘केंडल ने सनातनी धर्म के पवित्र प्रतीक को पहना है। केंडल जेनर शर्म करो।’ कई अन्‍य यूजर्स का कहना है कि अमेरिकी मॉडल का ‘बीचवियर’ हिंदू आस्था का अपमान है, जबकि कइयों ने सवाल किया कि क्या उन्हें ‘ॐ’ के निशान के महत्व के बारे में पता भी है या नहीं।

‘मेरा हिंदू धर्म आपका फैशन ट्रेंड नहीं है’

केंडल की यह तस्‍वीरें इंस्टाग्राम के साथ ही ‘X’ और रेडिट पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं। कुछ वीडियोज भी सामने आए हैं। एक ‘X’ यूजर ने इसकी आलोचना करते हुए लिखा, ‘पवित्र ‘ॐ’ आध्यात्मिक अभ्यास और श्रद्धा के लिए है, न कि केंडल जेनर के समंदर किनारे पहने जाने वाले किसी आम फैशन एक्सेसरी के रूप में। मेरा हिंदू धर्म आपका कोई फैशन ट्रेंड नहीं है। यह अपमानजनक और पूरी तरह से असंवेदनशील है।’

‘ॐ’ का महत्‍व भी पता है क्‍या?

हालांकि, कुछ यूजर्स ऐसे भी हैं, जिन्‍होंने तर्क दिया कि शायद केंडल को ‘ॐ’ का महत्‍व नहीं पता हो! लेकिन फिर कई अन्‍य यूजर्स ने इस तर्क को यह कहते हुए ठुकरा दिया कि दुनिया के तमाम देशों में लोग योग और ध्‍यान करते हैं, ऐसे में ‘ॐ’ के अर्थ या महत्‍व को वह नहीं जानती या समझती हैं, यह सोचना भी गलत है। एक यूजर ने इस पर लिखा है, ‘हो सकता है कि ये उनके लिए कोई बड़ी बात नहीं हो। उनके लिए यह बस एक प्रतीक है। ‘ॐ’ का अपमान नहीं किया जा सकता। ये लोग इसकी गहराई को नहीं समझ पाते और केवल सतही नजरिए से देखते हैं।’

‘ॐ’ का हिंदू धर्म में महत्‍व

‘ॐ’ हिंदू धर्म के सबसे पवित्र प्रतीकों में से एक है। ‘ॐ’ का अर्थ प्रतीक ‘ब्रह्म’ यानी परम सत्य से जुड़ा है। इसे सृष्टि और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ी एक पवित्र ध्वनि माना जाता है। हिंदू धर्म के प्रार्थनाओं, मंत्रों, ध्यान और धार्मिक अनुष्ठानों में इस प्रतीक का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। किसी भी धार्मिक पाठ की शुरुआत और अंत में अक्सर इसका उच्चारण किया जाता है। हिंदू दर्शन में ‘ॐ’ को पारंपरिक रूप से तीन ध्वनियों – अ, उ और म – के माध्यम से समझा जाता है। मांडूक्य उपनिषद इन ध्वनियों को चेतना की तीन अवस्थाओं से जोड़ता है। जागृत अवस्था, स्वप्न अवस्था और गहरी नींद।

केंडल जेनर कौन हैं

केंडल जेनर एक अमेरिकी मॉडल, सोशलिट और टेलीविजन सेलिब्रिटी हैं। उन्हें ‘कीपिंग अप विद द कार्दशियन्स’ शो से पॉपुलैरिटी मिली। वह 2007 से 2021 तक, लगभग 15 साल इस रियलिटी सीरीज के 20 सीजन का हिस्सा रही हैं। वह इसके कई स्पिन-ऑफ में भी नजर आई हैं। इनमें ‘कोर्टनी एंड क्लोई टेक मियामी’ (2009), ‘कोर्टनी एंड किम टेक न्यूयॉर्क’ (2011), ‘क्लोई एंड लैमर’ (2011), ‘रॉब एंड चाइना’ (2016) और ‘लाइफ ऑफ काइली’ (2017) शामिल हैं। केंडल जेनर फरवरी 2017 में भारत भी आई थीं। वह तब जयपुर गई थीं, जहां उन्होंने कथित तौर पर गहनों की खरीदारी की। उनकी इस यात्रा को तब तक सीक्रेट रखा गया था, जब तक कि जयपुर के बाजार में उनकी खरीदारी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल नहीं हुईं।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...