Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वह हमारा दर्द नहीं महसूस कर सकते हैं जो हमारे घर को गंगाजल से धुलवाने पर हमें हुआ था…दादरी में बोले अखिलेश यादव

वह हमारा दर्द नहीं महसूस कर सकते हैं जो हमारे घर को गंगाजल से धुलवाने पर हमें हुआ था…दादरी में बोले अखिलेश यादव

By शिव मौर्या 
Updated Date

दादरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 का शंखनाद हो चुका है। पीएम मोदी के बाद रविवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव नोएडा के दादरी में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किए। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के जनसभा पर निशाना साधते हुए कहा कि, जो कल रैली हुई थी उसकी तो पोल हमारे बहुत लोगों ने खोल दी है, कोई कैमरे से नहीं बच सकता है। जो पार्टी अपने आप को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बोलते हैं उन्हें अपने सरकारी कर्मचारियों का सहारा लेना पड़ा।

पढ़ें :- सरकार बनने पर 1090 को करेंगे मजबूत, माताओं-बहनों को देंगे 40 हजार...दादरी में अखिलेश यादव ने महिलाओं के लिए किए बड़े एलान

इस दौरान उन्होंने कहा, यूर्निसवर्टी, कॉलेज से छात्र बुलाए गए थे और कहा गया था कि, रैली के बाद छुट्टी दी जाएगी। अब उन छात्रों को लंबी छुट्टी दी गयी है। वहीं, अब इतनी बड़ी रैली से साफ हो गया कि, बीजेपी की उत्तर प्रदेश के साथ ही दिल्ली से भी छुट्टी होने जा रही है। हम लोग तो 10 साल से सरकार में नहीं है, कम से कम अपने छोटी वाली एटीएम का तो हिसाब किताब कर लेते। इस एटीएम ने पूरी दुनिया को परेशान किया होगा।

अखिलेश यादव ने आगे कहा, हम सब लोगों ने वह लड़ाई लड़ी थी जब दूसरे लोग हमारे इतिहास, हमारे सम्राट को भी छीनना चाहते थे। 2027 में सरकार बनाइए, राजधानी लखनऊ में तमाम PDA महापुरुषों के योगदान को याद दिलाने के लिए रिवर फ्रंट पर प्रतिमा लगाएंगे। इसके साथ ही कहा कि, ये केवल रैली नहीं है यह आवाहन भी है कि आने वाले समय में सामाजिक न्याय के राज को लाने के लिए हम PDA के लोग मिलकर सरकार बनाने जा रहे हैं।

वहीं, इस दौरान सपा अध्यक्ष ने पीएम के अंधविश्वास वाले बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, इस नोएडा के विकास के लिए समाजवादियों का योगदान कोई भूल नहीं सकता है। वो लोग वो भी भूल गए जिस मेट्रो में बैठकर उन्होंने उद्घाटन किया था, वो समाजवादी सरकार ने बनाया था। समाजवादी सरकार ने मेट्रो को नोएडा से दिल्ली जोड़ने का काम किया था।

अखिलेश यादव ने आगे कहा, PDA के लोग ये जानते हैं, महसूस करते हैं कि उनके साथ भेदभाव, तिरस्कार होता है और समय समय पर उनका सम्मान छीना जाता है। हमें बदलाव लाना होगा, इसके लिए साल लगे या सदी हम पीछे नहीं हटेंगे। साथ ही कहा, जिसने अन्याय की, अपमान की, उत्पीड़न की, भेदभाव की अपेक्षा नहीं झेली है वह कभी हमारा दर्द नहीं समझ सकते हैं। वह हमारा दर्द नहीं महसूस कर सकते हैं जो हमारे घर को गंगाजल से धुलवाने पर हमें हुआ था।

पढ़ें :- गुजरात में 10 साल पहले ऊना कांड में दलित युवाओं को सरेआम निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा गया, लेकिन अफसोस आज भी सरकार से उन्हें न्याय नहीं मिला : राहुल गांधी

 

Advertisement