मुंबई। पालघर के सभी समुद्री तटों पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस को भी 24 घंट गश्त पर रहने के आदेश मिले है। वहीं मछुआरों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। दरअसल अरब सागर में एक मालवाहक जहाज से दर्जनों कंटेनर गिर गए है। यह कंटनेर महाराष्ट्र के पालघर के समुद्री तटों पर बह के आने की संभावना जताई जा रही है।
पढ़ें :- Content India 2026 : कंटेंट इंडिया 2026 में जुटेंगे वैश्विक मीडिया लीडर्स , भविष्य की अपार संभावनाओं होगी चर्चा
पुलिस के अनुसार एमवी फीनिक्स 15 नामक मालवाहक जहाज जब ओमान के सालाह से लगभग 20 समुद्री मील की दूरी पर था, तब उससे 48 कंटेनर समुद्र में गिर गए। नौवहन महानिदेशालय ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि इन 48 कंटेनरों में से अब तक केवल आठ ही बरामद किए जा सके हैं। आशंका जताई जा रही है कि बाकी बचे कंटेनर या तो समुद्र में डूब गए हैं या लहरों के साथ बहकर किनारे की ओर आ सकते हैं।
इन जगहों पर सतर्क रहने के लिए मिला आदेश
इस सूचना के बाद पालघर जिले के सभी समुद्री और खाड़ी पुलिस थानों, जिनमें सफाला, केलवा, सतपति, तारापुर, वानगांव, दहानू और घोलवड शामिल हैं, को तत्काल प्रभाव से सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। संदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यदि किसी भी स्थानीय मछुआरे, तटीय गांव के निवासी या गश्ती दल को कोई भी तैरता हुआ कंटेनर या उससे संबंधित कोई सामग्री दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल और पालघर पुलिस को दी जाए। पालघर पुलिस ने बताया कि कोंकण तटरेखा पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय समुद्री एजेंसियों के साथ मिलकर लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।