Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रयागराज में छह साल के बेटे के सामने पत्नी की हत्या कर पति फरार, घरेलू विवाद बना वजह

प्रयागराज में छह साल के बेटे के सामने पत्नी की हत्या कर पति फरार, घरेलू विवाद बना वजह

By संतोष सिंह 
Updated Date

प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज जिले के सराय इनायत थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, हालांकि बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि 6 साल के मासूम बेटे ने अपनी मां की हत्या की घटना अपनी आंखों से देखी।

पढ़ें :- Magh Mela 2026 : त्रिवेणी संगम तट पर पहुंची इटली की महिला पर्यटक लुकेरेज़िया, बोलीं- भारत को बताया एक 'जादुई' देश

मृतक महिला की पहचान 32 वर्षीय संगीता देवी (Sangeeta Devi) के रूप में हुई है, जो दो बच्चों की मां थी। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति शैलेश कुमार (Shailesh Kumar) ने पहले पत्नी का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया।

घर में मौजूद दोनों बच्चे उस वक्त कमरे में ही थे। छोटे बेटे ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पिता को मां का गला दबाते देखा था। जब वह जाग गया तो पिता ने उसे डांटकर फिर से सुला दिया। रात भर घर में खामोशी रही, लेकिन सुबह होते ही घटना का खुलासा हुआ।

सुबह करीब 5 बजे पड़ोस में रहने वाली महिला जब संगीता को बुलाने घर पहुंची तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। कुछ ही देर में बच्चे रोते हुए बाहर निकले, जिसके बाद पड़ोसन अंदर गईं और देखा कि संगीता खून से लथपथ जमीन पर पड़ी हुई है। यह दृश्य देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुणावत ने बताया कि, शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल मृतका के परिजनों की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला घरेलू कलह से जुड़ा हुआ है।

रिपोर्ट: हर्ष गौतम

Advertisement