IND vs ENG Test Series : भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के दो मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीते हैं। अब सीरीज का तीसरा मैच 15 फरवरी से राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच के साथ-साथ अगले दो मैचों के लिए मंगलवार को भारतीय टीम का ऐलान किया जा सकता है। जिसमें बीसीसीआई की चयन समिति कई बड़े फैसले ले सकती है।
पढ़ें :- French Open Final : पीवी सिंधू फाइनल में पहुंचीं, खिताबी मुकाबले में दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर-1 एन से यंग से होगी भिड़ंत
दरअसल, बीसीसीआई ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मैचों के लिए टीम का ऐलान किया था। ऐसे में सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच सोमवार को खत्म होने के बाद मंगलवार को बाकी बचे मैचों के लिए टीम के ऐलान की उम्मीद है। इसकी एक बड़ी वजह यह भी है कि भारत की जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को मैदान पर काफी देर तक चर्चा करते हुए देखा गया। जिससे अगले तीन मैचों में बड़े बदलाव के कयास लगाए जा रहे हैं।
इन खिलाड़ियों का पत्ता कटना लगभग तय
पहले दो मैचों में विराट कोहली की गैर-मौजूदगी में श्रेयस अय्यर से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन उन्होंने दोनों मैचों में निराश किया। इसके अलावा केएस भरत टीम में बार-बार मौका मिलने के बावजूद फ्लॉप हो रहे हैं। जिसके बाद दोनों खिलाड़ियों की जगह खतरे में नजर आ रही है। दूसरी तरफ, शुबमन गिल ने दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में शतक जड़कर अपनी जगह सुरक्षित कर लिया। इसके अलावा मुकेश कुमार को टीम में जगह मिल पाना काफी मुश्किल नजर आ रहा है। उन्हें दूसरे टेस्ट में मैच में खेलने का मौका मिला था, लेकिन काफी महंगे साबित हुए।
केएल राहुल की वापसी और शमी पूरी सीरीज से बाहर
पढ़ें :- श्रेयस अय्यर बोले- 'हमारी टीम में सब मैच विनर है' , आपने आज इसका उदाहरण देखा
हैदराबाद टेस्ट में केएल राहुल ने पहली पारी में अच्छी बल्लेबाजी की थी, लेकिन इस मैच में दाहिने पैर की चोट के कारण उन्हें दूसरे मैच से बाहर होना पड़ा था। हालांकि, राहुल की चोट इतनी ज्यादा गंभीर नहीं थी, ऐसे में वह तीसरे मैच में वापसी कर सकते हैं। दूसरी तरफ, तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पूरी सीरीज से बाहर हो सकते हैं। शमी इस वक्त लंदन में हैं और उनके उनके टखने की सर्जरी को लेकर कोई भी अपडेट नहीं आया है।
जड़ेजा का तीसरा टेस्ट खेलना मुश्किल
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, रवींद्र जडेजा के राजकोट में होने वाले टेस्ट मैच तक पूरी तरह से फिट होने की संभावना नहीं है, क्योंकि पहले टेस्ट में हैमस्ट्रिंग की चोट के बाद पूरी फिटनेस हासिल करने के लिए उन्हें अतिरिक्त समय की जरूरत है। हालांकि, इस बात में कोई हैरान नहीं होगी कि अगर वह पूरी सीरीज से बाहर हो जाएं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि मौजूदा सीरीज के दौरान किसी समय उनकी वापसी की कुछ उम्मीद बनी हुई है।
कोहली पर सस्पेंस बरकरार
इस सीरीज के दो मैचों से अपना नाम वापस लेने वाले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की वापसी अनिश्चित बनी हुई है, क्योंकि माना जा रहा है कि यह कोहली पारिवारिक इमरजेंसी की स्थिति के कारण विदेश में है। टीम में वापसी पर हेड कोच राहुल द्रविड़ ने कहा कि टीम प्रबंधन सीरीज के बाकी मैचों के लिए उनकी उपलब्धता जानने के लिए कोहली से संपर्क करेगा। इससे पहले साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और कोहली के अच्छे दोस्त एबी डिविलियर्स ने उनकी अनुपस्थिति पर कहा था कि कोहली अपने दूसरे बच्चे की उम्मीद कर रहे हैं।
पढ़ें :- IND vs NZ 2nd T20I : तिलक-नीतीश की जोड़ी ने न्यूजीलैंड के जबड़े से छीनी जीत, रोमांचक मुकाबले में भारत चार विकेट से जीता
बुमराह को दिया जा सकता है आराम
दूसरे मैच में भारत की जीत के हीरो रहे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अगले मैच के लिए आराम दिया जा सकता है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय चयनकर्ता, टीम प्रबंधन के परामर्श से, राजकोट टेस्ट के लिए बुमराह को आराम देने पर विचार कर रहे हैं जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह अंतिम दो टेस्ट के लिए तरोताजा होकर लौटें। हाल ही में समाप्त हुए टेस्ट में 91 रन देकर नौ विकेट लेने वाले बुमराह को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। मोहम्मद सिराज, जिन्हें दूसरे टेस्ट के लिए समान ब्रेक दिया गया था, उनको चयनकर्ता वापस बुला सकते हैं।