ipl 2026: आईपीएल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। भले ही वैभव की उम्र महज 15 साल है, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में जो समझ और आत्मविश्वास दिखा, उसने सभी को प्रभावित किया। राजस्थान के इस युवा खिलाड़ी ने आरसीबी के खिलाफ सिर्फ 26 गेंदों में 78 रन ठोककर मैच का रुख ही बदल दिया और अपनी टीम को 6 विकेट से शानदार जीत दिला दी।
पढ़ें :- वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी के कायल हुए ये बड़े कांग्रेसी नेता, बोले- वैभव को खेलता देख दुनिया रुक सी जाती है
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि वैभव जिस तरह के शॉट्स खेलते हैं, वे सिर्फ आक्रामक नहीं बल्कि पूरी तरह “क्रिकेटिंग शॉट्स” होते हैं। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इस तरह की परिपक्वता और स्पष्टता के साथ बल्लेबाजी करना बेहद खास है और इसके लिए वैभव को पूरा श्रेय मिलना चाहिए। उनके मुताबिक, यह सिर्फ टैलेंट नहीं बल्कि गेम की समझ का भी नतीजा है, जो इतने युवा खिलाड़ी में कम ही देखने को मिलती है।
“हम पूरी तरह दबाव में नहीं थे”— भुवनेश्वर कुमार
भुवनेश्वर कुमार ने यह भी साफ किया कि वैभव की शानदार पारी के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू कभी पूरी तरह दबाव में नहीं आई थी। उन्होंने कहा कि टी20 क्रिकेट में ऐसे प्रदर्शन होते रहते हैं और इससे घबराने की जरूरत नहीं होती। उन्होंने कहा, “वह युवा है और अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है, लेकिन हमें कभी ऐसा नहीं लगा कि हम मैच से बाहर हो गए हैं। टी20 में 15 साल का खिलाड़ी हो या 25 साल का, इस तरह की पारियां संभव हैं।” उन्होंने यह भी माना कि टीम अपनी रणनीति पर पूरी तरह अमल नहीं कर सकी। एक अहम कैच भी छूट गया, जिसने मैच का रुख बदलने में भूमिका निभाई। हालांकि उन्होंने इसे खेल का हिस्सा बताते हुए कहा कि टीम इस हार को लेकर ज्यादा चिंतित नहीं है और आगे बेहतर प्रदर्शन करने पर ध्यान देगी।
टीम कॉम्बिनेशन और रणनीति पर भी दी सफाई
पढ़ें :- बुमराह की पहली गेंद में सूर्यवंशी ने जड़ा छक्का, 11 ओवर का हुआ मैच राजस्थान ने मुंबई को रौंदा, रिकॉर्ड्स की झड़ी
मैच के दौरान लेग स्पिनर सुयश शर्मा की जगह इंपैक्ट प्लेयर के रूप में ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को उतारने के फैसले पर भी भुवनेश्वर ने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि पावरप्ले में स्पिनरों का इस्तेमाल करना हमेशा आसान नहीं होता, खासकर जब टीम के पास सीमित विकल्प हों। और वेंकटेश अय्यर ने भी बल्लेबाजी में अच्छा योगदान दिया। उन्होंने अंत में कहा कि टीम ने अपनी परिस्थितियों के हिसाब से सर्वश्रेष्ठ विकल्प चुने, लेकिन क्रिकेट में हर रणनीति हर दिन काम करे, यह जरूरी नहीं होता।