नई दिल्ली। ईरानी गायिका परस्तू अहमदी (Iranian singer Parastoo Ahmadi) और उनके साथियों को सोमवार को 74-74 कोड़े मारे गए। जून 2026 में कुम शहर की अदालत ने उन्हें यह सजा सुनाई थी। उन पर बिना हिजाब पहने सार्वजनिक रूप से गाना गाने और अश्लील कंटेंट बनाने का आरोप था। यह मामला दिसंबर 2024 का है। उस समय परस्तू अहमदी (Parastoo Ahmadi) ने यूट्यूब पर बिना हिजाब पहने एक लाइव कॉन्सर्ट किया था। 27 मिनट के इस वीडियो में वे स्लीवलेस ड्रेस पहनकर चार पुरुष संगीतकारों के साथ गाना गाती नजर आई थीं। उन्होंने ईरान का लोकप्रिय देशभक्ति गीत ‘अज खूने जवानाने वतन’ (मातृभूमि के युवाओं के खून से) गाया था।
पढ़ें :- मौत की सजा पर रोक का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र संघ में पास, भारत-अमेरिका समेत 33 देशों ने किया विरोध
गायिका पर 2 साल तक कई तरह की पाबंदियां
अदालत ने परस्तू और उनके दोस्तों के देश छोड़ने पर 2 साल की रोक लगा दी है। इस दौरान वे किसी भी तरह के कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। अक्टूबर में मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल (Amnesty International) ने इस सजा का विरोध किया था। संगठन ने ईरानी अधिकारियों से कोड़े मारने की सजा लागू नहीं करने की अपील की थी।
ईरान में महिलाएं अकेले सार्वजनिक रूप से नहीं गा सकतीं
ईरान में महिलाओं के लिए कई तरह के सामाजिक और कानूनी प्रतिबंध हैं। सार्वजनिक जगहों पर हिजाब पहनना जरूरी है। महिलाओं को अकेले सार्वजनिक रूप से गाने की भी अनुमति नहीं है। उनके पहनावे को लेकर भी सख्त नियम हैं।
पढ़ें :- संयुक्त राष्ट्र की नई रिपोर्ट में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता, संघर्ष क्षेत्रों में बढ़ा खतरा
परस्तू अहमदी (Parastoo Ahmadi) पहले भी इन नियमों का विरोध कर चुकी हैं। वे 2022 में हिजाब विरोधी प्रदर्शनों के दौरान चर्चा में आई थीं। उन पर इन प्रदर्शनों के समर्थन में गाना गाने का आरोप लगा था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनसे पूछताछ की और उनके घर की तलाशी भी ली थी।
महसा अमिनी की मौत के बाद तेज हुआ था हिजाब विरोध
ईरान में महिलाओं के लिए हिजाब पहनना 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से कानूनी रूप से जरूरी है। हालांकि, कई महिलाएं लंबे समय से इन नियमों का विरोध कर रही हैं। सितंबर 2022 में 22 साल की महसा अमिनी (Mahsa Amini) की मौत के बाद यह विरोध बड़े आंदोलन में बदल गया था। उन्हें तेहरान में हिजाब ठीक से नहीं पहनने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। गिरफ्तारी के तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई।
ईरानी सरकार ने दावा किया था कि महसा की मौत पहले से मौजूद स्वास्थ्य समस्याओं के कारण हुई। हालांकि, मानवाधिकार संगठनों और संयुक्त राष्ट्र (United Nations) की जांच टीम ने इस दावे पर सवाल उठाए। संयुक्त राष्ट्र (United Nations) की रिपोर्ट में कहा गया था कि महसा की मौत ईरानी अधिकारियों की पिटाई के कारण हुई थी।
उनकी मौत के बाद पूरे ईरान में कई महीने तक सरकार विरोधी प्रदर्शन हुए। हजारों महिलाएं सड़कों पर उतरीं और हिजाब कानूनों को खत्म करने की मांग की। सरकार ने इन प्रदर्शनों को सख्ती से दबा दिया था।