जबलपुर क्रूज हादसा: मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरगी डैम पर हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। चार दिन से लगातार चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच रविवार सुबह 9:40 बजे लापता पर्यटक कामराज आर. का शव बरामद किया गया। इससे पहले सुबह करीब 6 बजे उनके 8 वर्षीय भतीजे मयूरन का शव मिला था, जो तमिलनाडु के त्रिची से परिवार के साथ घूमने आया था। इस हादसे में अब तक कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
पढ़ें :- Video- क्रूज में पानी भरने लगा, तो स्टाफ ने बांटी लाइफ जैकेट, किसकी लापरवाही से हुआ जबलपुर क्रूज हादसा?
शनिवार शाम को भी राहत और बचाव दल को दो बच्चों के शव मिले थे। इनमें 5 वर्षीय श्रीतमिल, जो कामराज के बेटे थे, और 5 वर्षीय विराज, जो कृष्ण सोनी के पुत्र थे, शामिल थे। लगातार चार दिनों से चल रही खोजबीन में पहले दिन 4, दूसरे दिन 5, तीसरे दिन 2 और चौथे दिन 2 शव निकाले गए। मृतकों में महिलाओं और बच्चों की संख्या 12 है, जिससे पूरे मामले ने और भी भावुक मोड़ ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक मिले शवों में 4 बच्चे और 8 महिलाएं शामिल हैं। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि भले ही अधिकांश लापता लोगों का पता चल चुका है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे दिन सर्च ऑपरेशन जारी रखा जाएगा ताकि कोई भी संभावना अधूरी न रह जाए।
यह हादसा 30 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे हुआ था, जब मध्य प्रदेश टूरिज्म का एक क्रूज पर्यटकों को लेकर बरगी डैम में घूम रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स् के मुताबिक, नाव में लगभग 47 लोग सवार थे, जबकि आधिकारिक रूप से केवल 29 लोगों के टिकट जारी किए गए थे। हादसा किनारे से लगभग 300 मीटर दूर हुआ। उसी समय तेज आंधी और खराब मौसम के कारण हालात अचानक बिगड़ गए। बताया गया कि हवा की रफ्तार करीब 74 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी।
हादसे में जान गंवाने वाले तमिलनाडु के पर्यटकों के शवों को उनके गृह राज्य भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से कार्गो विमान के जरिए शवों को त्रिची रवाना किया गया। मृतकों के परिजन भी उनके साथ रवाना हुए।
पढ़ें :- सांस छूटी, पर सीने से नहीं छूटा मां के कलजे का टुकड़ा: जबलपुर क्रूज हादसे का यह दृश्य देख रो पड़े लोग
भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक एमपी टूरिज्म के सलाहकार कमांडर राजेंद्र निगम ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह अचानक बना मिनी बवंडर और उससे उठी ऊंची लहरें थीं। उनका कहना है कि तेज लहरों के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हालांकि, अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब मौसम विभाग ने पहले ही येलो अलर्ट जारी कर दिया था, तो फिर क्रूज संचालन को रोका क्यों नहीं गया। खराब मौसम के बावजूद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए, इसकी जांच अब प्रशासन के लिए सबसे अहम मुद्दा बन गई है।