1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. सांस छूटी, पर सीने से नहीं छूटा मां के कलजे का टुकड़ा: जबलपुर क्रूज हादसे का यह ​दृश्य देख रो पड़े लोग

सांस छूटी, पर सीने से नहीं छूटा मां के कलजे का टुकड़ा: जबलपुर क्रूज हादसे का यह ​दृश्य देख रो पड़े लोग

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बचाव अभियान के दौरान ऐसा दृश्य सामने आया, जिसे देखकर रेस्क्यू टीम के जवान भी खुद को संभाल नहीं पाए। मलबे के भीतर एक मां अपने छोटे बेटे को सीने से लगाए मिली—मानो आखिरी सांस तक उसे बचाने की कोशिश करती रही हो...

By हर्ष गौतम 
Updated Date

जबलपुर:  मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। बचाव अभियान के दौरान ऐसा दृश्य सामने आया, जिसे देखकर रेस्क्यू टीम के जवान भी खुद को संभाल नहीं पाए। मलबे के भीतर एक मां अपने छोटे बेटे को सीने से लगाए मिली—मानो आखिरी सांस तक उसे बचाने की कोशिश करती रही हो। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गोताखोरों ने बताया कि जब डूबे हुए क्रूज के अंदर तलाश अभियान चल रहा था, तब एक महिला का शव निकालने में काफी परेशानी हो रही थी।

पढ़ें :- मुंबई में NCB ने 1,745 करोड़ रुपये की 349 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकीन बरामद की

जगह बेहद तंग थी, चारों ओर लोहे की नुकीली छड़ें थीं और अंदर पहुंचना भी आसान नहीं था। जब टीम ने करीब जाकर देखा, तो पता चला कि महिला ने अपने बच्चे को इतनी मजबूती से पकड़ रखा था कि दोनों को अलग करना मुश्किल हो गया। बताया गया कि महिला ने अपने चार साल के बेटे को अपनी छाती से कसकर लगाया हुआ था। यह दृश्य इतना मार्मिक था कि वहां मौजूद बचावकर्मी, अधिकारी तक भावुक हो गए। कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान मरीना मैसी के रूप में हुई है, जबकि उनके चार वर्षीय बेटे का नाम त्रिशान था। दोनों के शव शुक्रवार सुबह बरामद किए गए। जानकारी के अनुसार, मरीना ने अपनी लाइफ जैकेट के भीतर बेटे को समेट लिया था, किसी भी हाल में उसे बचा सकें। लेकिन तेज तूफान और हादसे की भयावहता ने मां-बेटे दोनों की जान ले ली। यह परिवार दिल्ली से घूमने के लिए जबलपुर आया था। हादसे के दौरान पिता प्रदीप मैसी और बेटी सिया किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन मरीना और त्रिशान वापस नहीं लौट सके।

गुरुवार शाम अचानक आए तेज तूफान के कारण बरगी बांध में क्रूज बोट पलट गई थी। प्रशासन के मुताबिक अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।

पढ़ें :- वो खुद ही असली गिरगिट हैं, जो नारी वंदन को नारा बनाना चाहते हैं...अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...