ओडिशा के गंजम जिले में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के लाडकापल्ली चौराहे के पास एक तेज रफ्तार बस और ऑटो रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए...
Road Accident: ओडिशा के गंजम जिले में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के लाडकापल्ली चौराहे के पास एक तेज रफ्तार बस और ऑटो रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में दो नाबालिग लड़कियां भी शामिल बताई जा रही हैं।
टक्कर इतनी जोरदार कि ऑटो के उड़ गए परखच्चे
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बस पुरुषोत्तमपुर से बरहामपुर की ओर जा रही थी। वहीं ऑटो रिक्शा यात्रियों को लेकर मां सिंहासिनी मंदिर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल लोगों को पहले कोडाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बाद में बरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। दुर्घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।