आगरा, पर्दाफाश। आगरा में जूता कारोबारी की 8 साल की मासूम बच्ची की हत्या के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। यह एनकाउंटर बमरौली कटारा इलाके के पास सुबह करीब 3 बजे हुआ। DCP सिटी सैयद अली अब्बास के मुताबिक, शुक्रवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी फिरोजाबाद भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक दरोगा को गोली लग गई।
पढ़ें :- बरेली में इंटर के छात्र की चाकू से हत्या: दोस्तों ने बुलाकर किया हमला, 2 हिरासत में
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी भी घायल हो गया। उसे तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 29 साल के आरोपी सुनील ने 24 मार्च को मकान मालिक की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी थी। उसने बच्ची का गला काटकर शव को एक कनस्तर में भर दिया था। करीब 30 घंटे बाद पुलिस ने शव बरामद किया था। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि घटना से करीब 11 दिन पहले किराए के बकाया को लेकर आरोपी का विवाद हुआ था। बच्ची के चाचा ने उसे थप्पड़ मारकर कमरे पर ताला लगा दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने बदला लेने की ठान ली और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।