Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 42 दिन का ‘रेल ब्रेक’! कानपुर-लखनऊ रूट पर मेगा ब्लॉक, 17 ट्रेनें रद्द—यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

42 दिन का ‘रेल ब्रेक’! कानपुर-लखनऊ रूट पर मेगा ब्लॉक, 17 ट्रेनें रद्द—यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी

By हर्ष गौतम 
Updated Date

कानपुर, पर्दाफाश।  कानपुर-लखनऊ रेलमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को अगले कुछ हफ्तों तक बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे प्रशासन गंगा पुल की डाउन लाइन पर बड़े स्तर पर ट्रैक मरम्मत का काम कराने जा रहा है, जिसके चलते 2 अप्रैल से 13 मई तक इस रूट पर मेगा और पावर ब्लॉक रहेगा। इस दौरान कानपुर-लखनऊ मेमू समेत कुल 17 ट्रेनें पूरी तरह निरस्त रहेंगी, जबकि 29 ट्रेनों का रूट बदला जाएगा या उन्हें बीच के स्टेशनों से ही टर्मिनेट कर वापस भेजा जाएगा। इसमें स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस और अयोध्या वंदे भारत जैसी अहम ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी। रेलवे ने पहले से टिकट बुक करा चुके यात्रियों से अपील की है कि वे अपना टिकट रिफंड करा लें या फिर आगे की तारीख में यात्रा की योजना बनाएं।

पढ़ें :- डोनॉल्ड ट्रंप ने ईरान को तेल और पावर प्लांट पर हमले की दी धमकी, कहा-'होर्मुज को तुरंत खोलो...'

सुबह 9:30 से शाम 5:30 तक रहेगा असर

यह मेगा ब्लॉक लगातार 42 दिनों तक रोजाना सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान ट्रेनों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ेगा और कई सेवाएं बाधित रहेंगी।

डीआरएम ने किया निरीक्षण, तैयारियों की समीक्षा

मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुनील कुमार वर्मा (Sunil Kumar Verma) ने गंगा पुल का दौरा कर तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने तकनीकी टीमों को काम तेज और सुरक्षित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उनके निरीक्षण के बाद ही ट्रेनों के रूट डायवर्जन और निरस्तीकरण पर अंतिम मुहर लगी।

पढ़ें :- पेट्रोल-डीजल, LPG और प्राकृतिक गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है... पश्चिम एशिया तनाव के बीच पेट्रोलियम मंत्रालय का बयान

कौन-कौन सी ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

इस अवधि में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ मेमू, कानपुर सेंट्रल-रायबरेली पैसेंजर सहित कुल 17 ट्रेनें रद्द रहेंगी। 11109 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ इंटरसिटी भी पूरी तरह निरस्त रहेगी। वहीं, 6 ट्रेनें आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी। पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें कानपुर सेंट्रल तक ही चलेंगी, जबकि बालामऊ-कानपुर सेंट्रल पैसेंजर उन्नाव तक सीमित रहेगी।

गंगा पुल पर होगा बड़ा काम

कानपुर और उन्नाव की सीमा पर स्थित गंगा पुल की डाउन लाइन पर पुराने स्लीपर हटाकर स्टील के एच-बीम लगाए जाएंगे। साथ ही पटरियों और लोहे की चादरों को भी बदला जाएगा। यह काम आधुनिक मशीनों और तकनीक की मदद से किया जाएगा। हालांकि इस दौरान अप लाइन पर सीमित रूप से ट्रेनों का संचालन जारी रहेगा, जिससे पूरी तरह से यातायात बंद नहीं होगा। कुल मिलाकर, यह मेगा ब्लॉक रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है, लेकिन फिलहाल यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी

पढ़ें :- बीच सड़क पर बदमाशों ने युवक को गोलियों से भूना, मोटरसाइकिल और मोबाइल लेकर बदमाश हुए फरार
Advertisement