उत्तर प्रदेश के कासगंज में बुधवार सुबह खेत में बने ट्यूबवेल की छत पर युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया। अशोक नगर लाइन पार इलाके में मिले शव के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान थे। पुलिस ने प्रथमदृष्टया हत्या की बात कही है। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया।
पढ़ें :- दो शवों को मंदिर में दफनाने के बाद ऊपर से टाइल्स बिछाने वाला महंत गिरफ्तार: कोलकाता में भिखारी बनकर रह रहा था
सुबह छत पर पहुंचा मालिक, सामने पड़ा शव
घटना का पता उस समय चला जब ट्यूबवेल का मालिक सुबह छत पर पक्षियों को दाना डालने गया। वहां खून से लथपथ शव देखकर उसने पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल को सुरक्षित कर पुलिस ने आसपास से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवती मंगलवार रात से अपने घर से गायब थी। उसका घर घटनास्थल से करीब सवा किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। परिजनों से पूछताछ के साथ पुलिस उस दौरान युवती की गतिविधियों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पढ़ें :- सिंगर अंकित बालियान के हत्यारे एनकाउंटर में ढेर, पुलिस ने 50-50 रुपए का रखा था इनाम
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी प्रभाकर चौधरी, एसपी ओपी सिंह और सीओ सदर आंचल चौहान समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से भी सुराग तलाशे गए। पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवती के साथ दुष्कर्म की आशंका की भी जांच की जा रही है।