उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आज देव दीपावली का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहला दीप जलाकर समारोह की शुरुआत करेंगे। इस बार गंगा के घाटों पर 11 लाख दीये जलाए जाएंगे, जिससे पूरी काशी रोशनी से जगमगा उठेगी।
Dev Deepawali in Kashi : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आज देव दीपावली का भव्य उत्सव मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहला दीप जलाकर समारोह की शुरुआत करेंगे। इस बार गंगा के घाटों पर 11 लाख दीये जलाए जाएंगे, जिससे पूरी काशी रोशनी से जगमगा उठेगी। आयोजन में 40 देशों के मेहमान शामिल होंगे, जबकि करीब 15 लाख पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है।
शाम सवा पांच से शाम पौने छह बजे के बीच जब घाटों से लेकर गंगा पार के रेतीले तट तक एक साथ 21 लाख से अधिक दीये प्रज्वलित होंगे। इसमें 11 लाख दीप शासन की ओर से, जबकि 10 लाख दीये विभिन्न समितियों और काशीवासियों की ओर जलाए जाएंगे।
घाटों पर होगा लेजर शो
इसमें 17 मिनट की 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और आठ मिनट के भव्य लेजर शो के माध्यम से संवाद और संगीत के साथ काशी, भगवान शिव और मां गंगा की अमर गाथा जीवंत की जाएगी। रात 8 से 8:10 बजे तक चेतसिंह घाट के सामने रेतीले तट के ऊपर 2,100 ‘मेड इन इंडिया’ ड्रोन एक साथ उड़ान भरेंगे।
इस पहले ड्रोन शो में आसमान में भगवान शिव, माहेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव, काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा काल भैरव की आकृतियां उकेरी जाएंगी।
आएंगे पर्यटन मंत्री
देव दीपावली को लेकर नमो घाट पर विशेष कार्यक्रम आयोजन किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वह प्रयागराज से सड़क मार्ग से दोपहर एक बजे के करीब वाराणसी पहुंचेंगे। इसके बाद देव दीपावली में भाग लेंगे।