देव दीपावलीपर काशी में भक्ति का उत्सव देखने को मिलता है। इस बार काशी के घाट ही नहीं, आसमान भी रोशनी के उत्सव में सराबोर होगा। गंगा के दोनों किनारों पर लाखों दीपों की जगमगाहट के बीच आसमान में भोले के भजनों की लहरें तैरेंगी।
Dev Deepawali 2026 : देव दीपावली पर काशी में भक्ति का उत्सव देखने को मिलता है। इस बार काशी के घाट ही नहीं, आसमान भी रोशनी के उत्सव में सराबोर होगा। गंगा के दोनों किनारों पर लाखों दीपों की जगमगाहट के बीच आसमान में भोले के भजनों की लहरें तैरेंगी। और उस गूंज पर और उनकी धुन पर रंग-बिरंगी आतिशबाजी की आकृतियां आकार लेंगी। लेजर लाइट, संगीत और आधुनिक तकनीक से तैयार ग्रीन एरियल फायरवर्क्स शो (Green Aerial Fireworks Show) देव दीपावली के आकर्षण का खास केंद्र बनने जा रहा है। गंगा की लहरों पर आसमान से बरसती रोशनी का प्रतिबिंब काशी की इस यादगार रात को अलौकिक बनाएगा।
संगीतऔर ग्रीन आतिशबाजी का समन्वय
योगी सरकार इस बार देव दीपावली को भव्यता के नए आयाम देने की तैयारी में है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया, 24 नवंबर को गंगा पार रेती पर श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने रात 8:30 से 8:40 बजे तक 10 मिनट का विशेष एरियल फायरक्रैकर्स शो आयोजित किया जाएगा। इसमें शिव भजनों की धुन के साथ संगीत, लेजर और ग्रीन आतिशबाजी का समन्वय देखने को मिलेगा।
शिव भजनों की धुन पर साकार होगा रोशनी का उत्सव
इस शो की खासियत यह होगी कि आतिशबाजी केवल रंगों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि संगीत के साथ तालमेल बिठाकर आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाएगी। भगवान शिव से जुड़े नौ से दस भजनों और संगीत ट्रैक को इसके लिए चुना गया है। इनमें ‘हर-हर महादेव शंभू’, ‘डमरू बजाया भोलेनाथ ने’, ‘शिव तांडव स्तोत्रम्’, ‘मेरा भोला है भंडारी’ और ‘महाकाल’ जैसे लोकप्रिय भजन शामिल हैं। भजनों की लय और ताल के साथ आसमान में रंग बदलते दृश्य, ज्यामितीय आकृतियां और आकर्षक पैटर्न दिखाई देंगे। इस तरह श्रद्धालुओं को भक्ति, संगीत और आधुनिक तकनीक का अनूठा अनुभव मिलेगा।
आतिशबाजी के गोले
इस बार आतिशबाजी में तकनीक का नया प्रयोग भी देखने को मिलेगा। आयोजन में पहली बार आठ इंच के विशेष आतिशबाजी शेल्स इस्तेमाल किए जाने की बात कही जा रही है। इनके जरिए आतिशबाजी के गोले करीब 500 से 600 फीट की ऊंचाई तक पहुंचेंगे। जमीन से देखने पर इनका फैलाव लगभग 1200 फीट और आसमान में विस्तार 1600 से 1800 फीट तक होने का अनुमान है। इससे गंगा के दोनों तटों और आसपास के बड़े क्षेत्र से इस नजारे को देखा जा सकेगा।
आधुनिक तकनीक आतिशबाजी
माल्टा की आतिशबाजी से प्रेरित इस शो में आधुनिक तकनीक के माध्यम से रंग बदलने वाली आकृतियां और आकर्षक ज्यामितीय डिजाइन (Attractive geometric design) तैयार किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, ग्रीन एरियल फायरक्रैकर्स को पारंपरिक आतिशबाजी की तुलना में कम प्रदूषण वाले विकल्प के रूप में तैयार किया गया है।
दीपों से जगमगाएंगे काशी के घाट
आसमान में आतिशबाजी के साथ धरती पर भी दीपों की दूधिया रोशनी दिखाई देगी। योगी सरकार की ओर से काशी के घाटों पर करीब 11 लाख दीप जलाने की तैयारी की गई है। गंगा आरती, घाटों पर दीपों की लंबी कतारें और गंगा पार रेती पर लेजर एवं आतिशबाजी का प्रदर्शन मिलकर देव दीपावली की भव्यता को नया स्वरूप देंगे।
देव दीपावली की अंतरराष्ट्रीय पहचान बढ़ने के साथ इस बार भी देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए हैं। घाटों से लेकर प्रमुख सड़कों तक श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
ऑनलाइन सुगम दर्शन बुकिंग बंद
देव दीपावली पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में सुगम दर्शन के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग 24 नवंबर के लिए बंद कर दी गई है। मंदिर न्यास की आधिकारिक वेबसाइट पर इसकी जानकारी दी गई है। सोमवार के दो स्लॉट को छोड़कर अन्य सभी स्लॉट रविवार रात आठ बजे तक बुक हो चुके थे। मंदिर प्रशासन ने भीड़ के मद्देनजर यह व्यवस्था की है।